'मैन ऑफ द मैच' तिलकरत्ने दिलशान (102 नाबाद) के तूफानी शतक की बदौलत श्रीलंका ने सीरीज के तीसरे एकदिवसीय मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था जबकि दूसरे मैच में श्रीलंका को डकवर्थ लुईस नियम से जीत मिली थी।
बारिश से बाधित मैच में श्रीलंका को 33 ओवर में 197 रनों का लक्ष्य मिला। श्रीलंका के ओपनर तिलकरत्ने दिलशान ने 95 गेंदों में 12 चौके और एक छक्का की मदद से नाबाद 102 रनों की पारी खेलकर टीम को 31.1 ओवर में विजय लक्ष्य तक पहुंचा दिया। एंजेलो मैथ्यूज ने नाबाद 54 रनों की अर्द्घशतकीय पारी खेलकर दिलशान का अच्छा साथ निभाया। न्यूजीलैंड की ओर से काइल मिल्स, टिम साउदी और नॉथन मैक्कुलम को एक-एक विकेट मिला।
न्यूजीलैंड ने 33 ओवर में बनाए 188 रन
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया। बारिश से बाधित मैच में न्यूजीलैंड ने 33 ओवर की बल्लेबाजी में छह विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से बीजे वाटलिंग के अलाव कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल पाया। बाटलिंग ने 88 गेंदों में 12 चौकों की मदद से नाबाद 96 रनों की पारी खेलकर टीम का स्कोर 188 रनों तक पहुंचाया। जेम्स फ्रैंक्लिन ने 26 रनों का योगदान किया। श्रीलंका की ओर से जीवन मेंडिस को दो जबकि लासिथ मलिंगा, नुवान कुलशेखरा और एंजेलो मैथ्यूज को एक-एक विकेट मिला।