ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया को 4-0 की जीत दिलाकर महेंद्र सिंह धोनी खास कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं। क्रिकेट इतिहास में धोनी ऐसे चौथे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया को किसी सीरीज में वाइटवॉश किया है।
साथ ही धोनी सेना दुनिया की चौथी ऐसी टीम बन गई है जिसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के सभी मैच जीते हों। ऑस्ट्रेलिया ने 43 साल बाद चार मैचों की सीरीज में सभी मैच गंवाए हैं।
बाकर, इमरान की सूची में धोनी
धोनी से पहले दक्षिण अफ्रीका ने अली बाकर की कप्तानी में 1969-70 में ऑस्ट्रेलिया को 4-0 से हराया था।
बाकर के अलावा जिन कप्तानों की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया को क्लीन स्वीप झेलना पड़ा उनमें इंग्लैंड के एलन स्टील (1886) और पाकिस्तान के इमरान खान (1982-83) शामिल हैं लेकिन इन दोनों अवसरों पर सीरीज तीन-तीन मैचों की थी।
ऐसा बदला किसी ने नहीं लिया
मालूम हो कि धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर टेस्ट सीरीज में 4-0 से हार झेलनी पड़ी थी। इस तरह से धोनी ऐसे पहले कप्तान बन गए जिन्होंने किसी टीम से दो साल के अंदर उसी के अंदाज में बदला चुकता किया।
कंगारुओं की सबसे बड़ी हार
ऑस्ट्रेलिया को चौथे मैच में छह विकेट से पराजय झेलनी पड़ी। यह भारतीय सरजमीं पर लगातार सातवीं हार है जो उसका विदेशी सरजमीं पर सबसे खराब रिकॉर्ड है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 1967 से 1994 के बीच उसे लगातार छह मैच में हराया था।
दूसरी बार तीन दिन में चित हुए कंगारू
भारत ने चौथा मैच तीन दिन के अंदर जीता। यह दूसरा अवसर है जबकि उसने ऑस्ट्रेलिया को तीन दिन के अंदर हराया। इससे पहले 2004 में मुंबई में भारतीय टीम ने तीन दिन में मैच जीता था। कुल मिलाकर भारत ने आठवीं बार टेस्ट मैच तीन दिन में जीता।