ब्रिसबेन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने यह कहकर विवाद को हवा दे दी थी कि ड्रेसिंग रूम में सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। टीम में अशांति का माहौल है। उनके इस बयान के बाद ड्रेसिंग रूम में विराट कोहली और शिखर धवन के बीच झगड़े की खबर निकलकर सामने आई। खबर यह भी थी कि इस झगड़े को टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री ने सुलझाया।
दूसरे टेस्ट मैच के बाद धोनी ने स्वीकार किया था कि धवन ने चोट के बारे में समय रहते नहीं बताया और मैच शुरू होने से तुरंत पहले उनके बल्लेबाजी करने से इंकार के कारण कोहली को 5-7 मिनट के अंदर तैयार होकर क्रीज पर जाना पड़ा। इसके बाद कोहली जल्द आउट भी हो गए।
धोनी के इसी बयान के बाद हर ओर दोनों बल्लेबाजों के बीच झगड़े की चर्चा होती रही, लेकिन अब मेलबर्न में तीसरे टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले भारतीय कप्तान ने झगड़े को लेकर एक नया बयान दे दिया। यह संभवतः ऐसा पहली बार हो रहा है जब बतौर कप्तान धोनी अपनी ड्रेसिंग रूम की बातें बाहर बता रहे हैं।
कोहली ने शिखर धवन पर चाकू घोंपा
तीसरे मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पूरे मामले पर अपनी सफाई देने की कोशिश की। उन्होंने उपकप्तान विराट कोहली और शिखर धवन के बीच किसी भी झगड़े की बात से इंकार किया है। उन्होंने कहा, "दोनों के बीच झगड़े की बातें बकवास है। यह सब मीडिया द्वारा फैलाया गया है।"
कोहली और धवन के बीच हुए झगड़े को बकवास करार देते हुए मजाकिए अंदाज में कहा कि कोहली ने चाकू निकाला और शिखर धवन को घोप दिया था। बकौल धोनी, 'यह सब झूठ है, दरअसल ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था।' उन्होंने आगे कहा, "मार्वल और वॉर्नर ब्रदर्स को इस कहानी का इस्तेमाल करते हुए एक फिल्म बनानी चाहिए और यह कहानी काफी अच्छी चलेगी।"
भारत धोनी की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में लगातार 6 टेस्ट मैच हार चुका है और वह विदेशी धरती पर एक और सीरीज नहीं गंवाना चाहेंगे।
टीम इंडिया को दी जाएगी मेंटल ट्रेनिंग
बीसीसीआई टीम इंडिया के लिए एक साइक्लोजिस्ट नियुक्त करने पर विचार कर रही है। इसमें सबसे ऊपर सैंडी गॉर्डन का नाम चल रहा है। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार लगातार दौरों और टीम इंडिया को विश्व कप से पहले मेंटल प्रेशर से उबारना जरूरी है। क्योंकि ऑस्ट्रेलिया दौरे में टीम के खिलाड़ियों के बीच तकराव की खबरों ने भी बीसीसीआई को टेंशन में ला दिया है।
अंग्रेजी अखबार 'मुम्बई मिरर' की खबर के मुताबिक मेंटल ट्रेनर के रूप में सैंडी गार्डन का नाम सबसे ऊपर है। टीम के पूर्व कोच जॉन राइट के कार्यकाल के दौरान सैंडी गॉर्डन का कार्य टीम इंडिया में बतौर साइक्लोजिस्ट काफी अच्छा रहा था। साथ ही दक्षिण अफ्रीका में हुए विश्वकप के दौरान टीम इंडिया की सफलता का कुछ श्रेय सैंडी गॉर्डन को भी जाता है। लिहाजा गॉर्डन के टीम इंडिया से जुड़ने की संभावनाएं बढ़ गई है।
ऐसी संभावनाएं है कि ऑस्ट्रेलिया दौरा खत्म होने से बाद और वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले खिलाड़ियों को गॉर्डन के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। बीसीसीआई अधिकारियों ने इन संभावनाओं की पुष्टि की है कि खिलाड़ियों के लिए मेंटल ट्रेनिंग सेशन होंगे। बोर्ड सचिव संजय पटेल ने कहा है कि इस बात की संभावना ज्यादा है कि बोर्ड एक साइकोलॉजिस्ट को नियुक्त करे, लेकिन इस पर अभी समय और नाम पर विचार करना बाकी है।