महेंद्र सिंह धोनी के स्कूली दिनों के कोच केशव रंजन बनर्जी को अभी भी अच्छी तरह याद है जब धोनी के कुछ दोस्त सुशांत सिंह राजपूत को उनके पास रांची लेकर आए थे। दोस्तों ने यही कहा कि सुशांत धोनी भाई पर बन रही फिल्म एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी में उनका किरदार निभाने जा रहे हैं। उन्हें धोनी के कुछ खास स्ट्रोक्स के बारे में सुशांत को बताना है। कोच के मुंह से सीधा यही निकला कभी क्रिकेट खेला है। सुशांत का जवाब था हां, सर स्कूल स्तर पर क्रिकेट खेली है। बस आप धोनी के हेलीकॉप्टर शॉट को सिखा दें। केशव के मुताबिक यह आसान नहीं था, लेकिन सुशांत ने दो दिनों में दिखाए गए अपने प्रदर्शन से धोनी के हेलीकॉप्टर शॉट पर उनसे मुहर लगवा ली।
केशव
अमर उजाला से खुलासा करते हैं कि उन्हें अच्छी तरह ध्यान है कि सुशांत हेलीकॉप्टर शॉट पर उनकी मुहर लगवाने के लिए किस तरह आतुर थे। सुशांत ने उन्हें बताया कि वह धोनी के विकेट कीपिंग स्टाइल और हेलीकॉप्टर शॉट पर पिछले लगभग एक साल से पूर्व टेस्ट क्रिकेटर किरन मोरे के संरक्षण में प्रैक्टिस कर रहे हैं। लेकिन सुशांत का कहना था कि फिनिशंग टच आपको ही देना है। वह सुशांत को धोनी के डीएवी स्कूल लेकर गए। वहां उन्होंने धोनी स्टाइल के कई स्ट्रोकों समेत हेलीकॉप्टर शॉट की बल्लेबाजी उन्हें दिखाई। फिर उन्होंने सुशांत को कुछ हिदायतें दीं। इसके बाद इस स्ट्रोक में और ज्यादा समानता के लिए वह झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के इंडोर स्टेडियम में उन्हें लेकर गए। वहां उन्होंने घंटो की प्रैक्टिस के बाद इस स्ट्रोक को धोनी के अनुसार लगाना सीख ही लिया।
सुशांत की सादगी नहीं भूली धोनी के कोच को
केशव के अनुसार उन्हें फिल्मों में रुचि नहीं है, लेकिन उन्होंने फिल्मी कलाकारों के बारे में काफी सुना और पढ़ा है। जब धोनी के दोस्त सुशांत को उनके पास लेकर आए थे तब उन्हें भी लगा कि फिल्म स्टार है थोड़ा नकचढ़ा होगा। उन्हें लगा कि हीरो तो बहुत तरह के होते हैं लेकिन एक हीरो में सादगी भी होती है वह उन्हें सुशांत को देखकर पता लगा। जिस सादगी से उन्होंने धोनी के स्ट्रोक सीखे। उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि ऐसा शख्स अचानक इस दुनिया को छोडने का कदम उठा सकता है।