ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज का पहला मैच खेलने टीम इंडिया रांची में है। रांची में पूर्व कप्तान एमएस धोनी का घर भी है। धोनी ने टीम इंडिया के अपने साथियों को अपने नए घर में शुक्रवार रात डिनर पर बुलाया। रातू के सिमलिया में धोनी के नए घर की टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने तारीफ की। सात एकड़ के क्षेत्र में फैले फॉर्म हाउस में धोनी ने अपने साथियों के लिए खुले में एक शानदार शामियाने में डिनर की व्यवस्था की थी। जब तक टीम इंडिया धोनी के घर पर रही तब तक पुलिस ने आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। धोनी के घर के बाहर लोग अपने खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए लालायित दिखे।