मैदान पर खास शैली के लिए जाने जाने वाले पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी बेस्ट कप्तान हैं। उन्होंने कई बड़े मौकों पर सटीक निर्णय लेकर खुद को साबित भी किया है। जडेजा कहते हैं कि अभी वक्त टीम के साथ नहीं है, लेकिन क्रिकेट में इस तरह अप-डाउन चलता ही रहता है। ऐसे में वह फिलहाल टीम की कमान किसी अन्य को सौंपने के पक्षधर नहीं हैं। शुक्रवार को वेल्हम ब्वायज स्कूल में स्पोर्ट्स मीट में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जडेजा ने ‘अमर उजाला’ से क्रिकेट से जुड़े कई पहलुओं पर बात की।
भारतीय टीम की खराब परफार्मेंस पर जडेजा ने कहा कि ऐसा हर टीम के साथ होता है। लेकिन कल यही टीम फिर बुलंदियों पर होगी। क्रिकेट के विभिन्न स्वरूपों में अलग-अलग कप्तान के सवाल पर जडेजा ने कहा कि टी-20 में अलग कप्तान की कोई जरूरत नहीं है।
उन्होंने साफ कहा कि देश में धोनी से बेहतर कोई विकल्प अभी नहीं है। टीम में विवादों को उन्होंने रूटीन करार दिया। जडेजा ने कहा कि फैन्स क्रिकेटरों को भगवान बनाते हैं तो उन्हें खराब परफार्मेंस के बाद कठघरे में खड़े करने का अधिकार भी है। जडेजा स्पोर्ट्स में रिटायरमेंट शब्द को ही उचित नहीं मानते। जडेजा का कहना है, क्रिकेट भी बाकी खेलों की ही तरह है। वह क्रिकेट को ओवरआल पर्सनालिटी डेवलप करने वाला खेल बताते हैं।
क्रिकेट के रोजगार इंडस्ट्री के रूप में विकसित होने पर वह खुश हैं। आजकल क्या कर रहे हैं का जवाब जडेजा ‘मैं बेरोजगार हूं, लेकिन रिटायर नहीं’ कहकर देते हैं। उनका कहना है कि वह क्रिकेट के लिए बने और इसके सिवा कुछ नहीं कर सकते। जडेजा ने कहा कि आजकल अपने बच्चों को बड़ा होते देखने और किताबें पढ़ने में समय बिता रहे हैं। फिल्मी करियर को लेकर उठे सवाल पर उन्होंने कहा कि अब फिल्म करने में कोई रुचि नहीं।