पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता और 1983 की वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य मोहिंदर अमरनाथ ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उनके लिए भारतीय टीम में कोई जगह नहीं है। धोनी इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में 1-2 से पिछड़ने के बाद आलोचकों के निशाने पर हैं और कई पूर्व क्रिकेटर मांग कर रहे हैं कि उन्हें टीम से बाहर होना चाहिए।
इस वर्ष चयन समिति से हटाए गए अमरनाथ ने कहा, ‘धोनी यह कहने वाले कौन होते हैं कि मैं इस टीम में रहना चाहता हूं और इस टीम की कप्तानी करने की चुनौती उठाना चाहता हूं। उन्होंने आखिर किया ही क्या है। वह तो टीम में स्थान पाने के हकदार भी नहीं हैं।
देश में उनसे बेहतर विकेटकीपर बल्लेबाज हैं लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल रहा है क्योंकि धोनी कप्तान हैं। धोनी की कप्तानी इसलिए चल रही है क्योंकि उन्होंने पिछले वर्ष वर्ल्ड कप जीता था। वर्ल्ड कप जीतने के कारण ही पिछले एक साल से धोनी टीम की कप्तानी कर पा रहे हैं। लेकिन, सबको यह ध्यान रखना होगा कि यह टेस्ट क्रिकेट है वन-डे नहीं।’