कोच्चि वनडे हारने के बाद मेहमान इंग्लैंड टीम के कप्तान एलेस्टेयर कुक ने कहा है कि भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं जिन्हें डेथ ओवरों में गेंदबाजी करना बेहद कठिन है। भारत के हाथों मंगलवार को कोच्चि में सीरीज के दूसरे मैच में 127 रनों से मिली हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान ने कहा कि धोनी इन परिस्थितियों में दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ी हैं।
वह एक के बाद एक अपने प्रदर्शन से यह बात साबित भी कर रहे हैं। उन्हें इस प्रकार की सपाट पिचों पर रोकना तो बेहद मुश्किल हैं और डेथ ओवरों में तो उन्हें गेंद डालना ही आसान नहीं है। कप्तान धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों के दूसरे मुकाबले में 66 गेंदों में 72 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी तथा मैन आफ द मैच रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर 10 ओवरों में 96 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था।
कुक ने धोनी को रन बनाने से रोकने के लिए अपने कई गेंदबाजों का उपयोग किया लेकिन वह इसमें नाकाम रहे। कुक ने तेज गेंदबाजों की तिकड़ी स्टीवन फिन, जेड डर्नबाक और क्रिस वोक्स को भी डेथ ओवरों में उतारा लेकिन उन्हें कामयाबी हासिल नहीं हुई।
इंग्लिश कप्तान ने कहा कि धोनी जैसे बल्लेबाज के खिलाफ स्पिनरों को उतारा नहीं जा सकता है। मैंने कई बार देखा है कि धोनी के सामने आखिरी ओवरों में स्पिनरों को उतारना सही निर्णय नहीं रहता है। मेरे लिए यह एक बड़ जुआ था। पांच वनडे मैचों की सीरीज में इस समय दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा मैच रांची में 19 जनवरी को खेला जाना है।