आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण मिली हार से भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी काफी नाराज दिख रहे हैं।
गेंदबाजों के कारण मिली हार से झल्लाए धोनी ने कहा कि हर गेंदबाज को हाथ पकड़कर तो नहीं समझा सकता। इसके बाद उन्होंने कहा कि मैच के आखिरी ओवर काफी निराशाजनक रहे जिसके कारण जीत हाथ से निकल गई।
कप्तान धोनी ने नाबाद 139 रनों की रिकार्डतोड़ पारी खेलकर भारत के स्कोर को 300 के पार पहुंचाने में अहम मदद की थी लेकिन गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण टीम की जीत हार में बदल गई।
धोनी ने मैच के बाद कहा आखिरी ओवर बहुत ही निराशाजनक रहे। हमारे लिये यह चिंता का विषय है और यह लगातार खराब होता जा रहा है। गेंदबाजी बद से बदतर होती जा रही है।
धोनी ने कहा मैदान पर ओस की काफी भूमिका रही लेकिन यह पिच जयपुर से फिर भी बेहतर थी। अब समय आ गया है जब किसी एक को आगे आकर जिम्मेदारी लेनी होगी। हमें अपनी पूरी मजबूती के साथ खेलना होगा।