सीरीज के पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पारी की हार को टाल लिया है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 232 रन बनाए हैं। हेनरिक्स 75 और नॉथन लियोन 8 रन पर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया अब तक भारत पर 40 रनों की बढ़त बना चुका है। पांचवे दिन वे इस स्कोर में जितना भी रन जोड़ेंगे वही भारतीय टीम के लिए जीत का लक्ष्य होगा।
मैच का फुल स्कोर कार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें।
भारत के 192 रनों की बढ़त के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज दूसरी पारी में आर अश्विन, रविंद्र जडेजा और हरभजन सिंह तिकड़ी के सामने बेबस दिखे। टॉप के तीन बल्लेबाज इडी कोवान (32), शेन वाटसन (17) और डेविड वॉर्नर (23) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। पहली पारी में शतक लगाने वाले माइकल क्लार्क भी 30 रन बनाकर चलते बने।
डेब्यू मैच खेल रहे हेनरिक्स एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों का डंटकर सामना किया। विपरीत स्थिति में हेनरिक्स ने अपना पचासा पूरा किया और टीम को पारी की हार से बचाने में कामयाब रहे। फिलहाल वे 124 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद हैं। हेनरिक्स ने पहली पारी में भी अर्द्घशतक बनाया था। पहली पारी में 7 विकेट लेने वाले अश्विन अब तक दूसरी पारी में 5 विकेट ले चुके हैं। जबकि हरभजन सिंह और रविंद्र जडेजा के खाते में 2-2 विकेट गया।
धोनी के धमाल से भारत ने बनाए 572 रन
महेंद्र सिंह धोनी (224) और विराट कोहली (107) रनों की शतकीय पारी की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर पहली पारी में 192 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर लिया है। मैच के चौथे दिन 515 रनों से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम 154.3 ओवर में 572 रन बनाकर ऑलआउट हुई। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 380 रन बनाए थे।
ओपनर वीरेंद्र सहवाग (2) और मुरली विजय (10) के सस्ते में आउट होने के बाद सचिन तेंदुलकर ने 81 रनों की पारी खेलकर टीम को मुश्किल से निकाला। सचिन ने 159 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 81 रन बनाए। चेतेश्वर पुजारा ने 44 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली और एमएस धोनी की जोड़ी ने 128 रनों की साझेदारी करके टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाल दिया। इसी बीच कोहली ने चौथा टेस्ट शतक जड़ डाला। कोहली ने 206 गेंदों में 15 चौके और एक छक्के की मदद से 107 रनों की पारी खेली।
दूसरे छोर पर मौजूद धोनी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और 80 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से पहला दोहरा टेस्ट शतक जड़ दिया। धोनी यहीं नहीं रुके उन्होंने पहले रविंद्र जडेजा (16), आर अश्विन (3) और हरभजन सिंह (11) के साथ उपयोगी साझेदारियां की और ऑस्ट्रेलिया के बनाए 380 रनों के स्कोर से टीम इंडिया को आगे पहुंचा दिया।
इसके बाद धोनी और भुवनेश्वर कुमार ने 140 रनों की साझेदारी कर टीम को भारी बढ़त दिला दी। धोनी ने 265 गेंदों की अपनी इस पारी में 24 चौके और 6 छक्के की मदद से 224 रन बनाए। भुवनेश्वर ने 38 रनों की उपयोगी पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से अब तक जेम्स पैंटिंसन को 5, नॉथन लियोन को 3, हेनरिक्स और पीटर सिडल को एक-एक विकेट मिला।