पंजाब ने लगातार मिली शिकस्त के बाद वापसी करते हुए ग्रुप बी मैच में आंध्र को सात विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की। बल्लेबाजी का न्यौता देने के बाद पंजाब ने सिद्धार्थ कौल (27 रन देकर चार विकेट) और बरिंदर सरन (29 रन देकर तीन विकेट) की अनुशासित गेंदबाजी की मदद से आंध्र को 49वें ओवर में 175 रन पर समेट दिया। इसके बाद पंजाब ने कप्तान मनदीप सिंह के नाबाद 64 रन (81 गेंद में आठ चौके) की मदद से 36 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की।
तमिलनाडु की दूसरी हार, मध्यप्रदेश ने 14 रन से हराया
ग्रुप के दूसरे मैच में तमिलनाडु को टूर्नामेंट में दूसरी हार का सामना करना पड़ा। मध्यप्रदेश ने उसे 14 रन से मात दी। मध्यप्रदेश की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान पार्थ साहनी और आदित्य श्रीवास्तव के 46-46 रन की मदद से 225 रन पर सिमट गई थी। तमिलनाडु को एम शाहरूख खान की नाबाद 67 रन (77 गेंद, तीन चौके, पांच छक्के) की पारी भी लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सकी।
झारखंड ने विदर्भ को तीन विकेट से हराया
ग्रुप के तीसरे मैच में झारखंड ने विदर्भ को तीन विकेट से हरा दिया जिससे वह तीन मैचों में तीन जीत से तालिका में शीर्ष पर है। विदर्भ ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 288 रन बनाये जिसमें एस आर रामास्वामी ने 82 और अक्षय वाडकर ने 76 रन की अर्धशतकीय पारी खेलीं। झारखंड ने कुमार देवब्रत के 100 रन की मदद से 49.3 ओवर में सात विकेट पर 294 रन बनाकर चार अंक अपनी झोली में डाले।
बड़ौदा ने केदार देवधर के शतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत एलीट ग्रुप ए मैच में हैदराबाद को 110 रन से हराकर जीत की लय जारी रखी। यह बड़ौदा की लगातार तीसरी जीत है, इससे पहले उसने गोवा और त्रिपुरा को शिकस्त दी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ौदा ने देवधर की स्ट्रोक्स से भरी 131 रन की शानदार पारी से सात विकेट पर 316 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। देवधर ने हैदराबाद के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 139 गेंद की पारी के दौरान 14 चौके और दो छक्के जमाए। इसके बाद उसने बाबाशफी पठान (37 रन देकर तीन विकेट) और अन्य गेंदबाजों की मदद से हैदराबाद को 206 रन पर समेट दिया।
गुजरात ने त्रिपुरा को और छत्तीसगढ़ ने गोवा को हराया
वहीं ग्रुप के अन्य मैचों में गुजरात ने त्रिपुरा को 132 रन से और छत्तीसगढ़ ने गोवा को आठ विकेट से शिकस्त दी।गुजरात ने हेत पटेल (114) के शतक और ध्रुव रावल (83) के अर्धशतक से सात विकेट पर 336 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद उसने गेंदबाजों की मदद से त्रिपुरा को 204 रन ही बनाने दिये। हार्दिक पटेल ने 25 रन देकर तीन विकेट और रिपल पटेल ने 26 रन देकर दो विकेट चटकाए। गोवा की टीम ने दर्शन मिसाल (56 रन) के अर्धशतक से 210 रन का स्कोर बनाया जिसे छत्तीसगढ़ ने दो विकेट पर 213 रन बनाकर आठ विकेट से जीत दर्ज की। छत्तीसगढ़ के लिये ऋषभ तिवारी ने नाबाद 9 और हरप्रीत सिंह भाटिया ने 56 रन बनाए।