अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम से सुर्खियों में आए बाबा अपराजित के बेहतरीन शतक से साउथ जोन ने देवधर ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच में ईस्ट जोन को 11 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ जोन ने पांच विकेट पर 284 रन का विशाल स्कोर बनाया। हालांकि साउथ जोन की शुरुआत खराब रही और ओपनर लोकेश राहुल पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए।
दूसरे विकेट के लिए बाबा अपराजित ने रोबिन उथप्पा के साथ 154 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। अपराजित ने 129 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों के साथ 121 रन की पारी खेली।
उथप्पा 75 गेंद में छह चौकों के साथ 48 रन बनाकर रिटायर हर्ट हुए। जवाब में ईस्ट जोन सात विकेट पर 273 रन ही बना सका। इशांत जग्गी ने 67 गेंद में पांच चौके और एक छक्के के साथ 55 जबकि कप्तान रिधिमान शाह ने 72 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों के साथ 77 रन बनाए।
चोटिल धवल और रोहित बाहर
रोहित शर्मा और मीडियम पेसर धवल कुलकर्णी चोटिल होने के कारण देवधर वन-डे ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं। ये दोनों खिलाड़ी वेस्ट जोन टीम में शामिल थे।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के ज्वाइंट सेक्रेटरी नितिन दलाल ने कहा कि रोहित और कुलकर्णी के स्थान पर टीम में मुंबई के ही सिद्धेश लाड और सौराष्ट्र के रुश कलारिया को टीम में शामिल किया गया है। वेस्ट जोन को बाय दिया गया है और वह 12 मार्च को सेमीफाइनल मैच खेलने उतरेगी। टीम की कमान पार्थिव पटेल के हाथ में है।