दिल्ली के मुख्य कोच सरनदीप सिंह विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के फैसले से काफी हैरान हैं। उन्होंने खुलासा किया कि दिग्गज बल्लेबाज इंग्लैंड दौरे के लिए तैयारी कर रहे थे। बता दें कि, पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को लाल गेंद प्रारूप से संन्यास का एलान कर दिया। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी।
रोहित के बाद विराट ने लिया संन्यास
विराट का इस प्रारूप से अचानक संन्यास लेना भारत के लिए यह बड़ा झटका है क्योंकि बुधवार को नियमित कप्तान रोहित ने भी टेस्ट से संन्यास ले लिया था। एक हफ्ते के अंदर दो दिग्गज खिलाड़ियों के संन्यास से फैंस सदमे में हैं। इसी के साथ भारतीय टेस्ट क्रिकेट में एक अध्याय का अंत हो गया। भारत को इंग्लैंड का दौरा अगले महीने करना है। इस दौरान टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी।
'विराट के संन्यास की घोषणा से हैरान था'
दिल्ली के मुख्य कोच सरनदीप ने विराट के इस फैसले पर आश्चर्य जताया है। उन्होंने बताया कि जब विराट 12 साल बाद रणजी मुकाबला खेलने के लिए आए थे तब उन्होंने कहा था कि वह इंग्लैंड दौरे पर तीन-चार शतक लगाना चाहते हैं। सरनदीप ने जियो हॉटस्टार पर कहा, 'कोहली के संन्यास की घोषणा सुनकर मैं हैरान था। रणजी मैच से पहले मैंने उनसे बात की थी, उन्होंने कहा कि वह खेलना चाहते हैं और विकेट के बारे में भी बताया। उन्होंने काफी भागीदारी दिखाई, ऐसा मैंने किसी बड़े खिलाड़ी से नहीं देखा जो लंबे समय तक टेस्ट खेलने के बाद रणजी खेलने आता है। वह अभ्यास के लिए सुबह 9:15 बजे के बजाय 8:00 बजे मैदान पर आते थे और उन्होंने जिम भी किया।'
'वह इंग्लैंड दौरे के लिए तैयारी कर रहे थे'
इस दौरान सरनदीप ने बताया कि विराट ने इंग्लैंड में 2018 के अपने शानदार प्रदर्शन को दोहराने की इच्छा जताई थी। इस दौरे पर विराट ने दो शतक और तीन अर्धशतकों की मदद से 593 रन बनाए थे। सरनदीप ने आगे कहा- 'वह इंग्लैंड दौरे की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने मुझसे कहा कि वह इंग्लैंड में 2018 के अपने प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश कर रहे हैं। हम उनकी तैयारी में देख सकते थे। हमने ऐसा कुछ नहीं देखा जिससे संकेत मिले कि वह टेस्ट से संन्यास लेना चाहते हैं। अब, हर कोई हैरान है। विराट को खुद ही इसका कारण पता होगा।'
भारत ए के लिए दो मैच खेलना चाहते थे कोहली?
दिल्ली टीम के मुख्य कोच सरनदीप ने दावा किया कि विराट भारत ए के लिए दो मैच खेलने की योजना बना रहे थे। इसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भी खेलते। उन्होंने आगे कहा- 'हमने कुछ दिन पहले बात की थी और मुझे ऐसा कुछ नहीं दिखा जिससे उनके रिटायरमेंट की योजना का संकेत मिले। वह आईपीएल में शानदार फॉर्म में हैं। मैंने उनसे पूछा कि क्या वह तैयारी के लिए कुछ काउंटी क्रिकेट खेलेंगे और उन्होंने मुझे बताया कि मैं इंडिया ए के दो मैच खेलूंगा और फिर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट की तैयारी करूंगा। यह वाकई आश्चर्यजनक है। वह रणजी के दौरान बात कर रहे थे कि मैं इंग्लैंड में 3-4 शतक लगाना चाहता हूं।'