चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट में दिल्ली डेयरडेविल्स ने ग्रुप ‘ए’ के मुकाबले में पर्थ स्क्रोचर्स को तीन विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। आईपीएल की चार टीमों में से दिल्ली एकमात्र टीम है जो अभी भी खिताब के होड़ में बनी हुई है। इस जीत से दिल्ली के तीन मैचों में दस अंक हो गए हैं जबकि पर्थ तीन मैचों में दो अंक के साथ अंतिम चार की होड़ से बाहर हो गई है।
दिल्ली के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ अजीत अगरकर ने आलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट चटकाए और फिर बल्लेबाजी करते हुए सात गेंदों में दो चौकों के साथ नाबाद 11 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। 122 रन के लक्ष्य को दिल्ली ने 19.3 ओवर में सात विकेट पर 123 रन बनाकर हासिल किया।
ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने 44 गेंदों में ताबड़तोड़ चार चौकों और एक छक्के के साथ 52 रन ठोके। लेकिन, अन्य बल्लेबाज विफल रहे और शुरुआती चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। वहीं पर्थ स्क्रोचर्स के लिए शॉन मार्श (39), साइमन काटिच (34) और मिचेल मार्श (20) ने उपयोगी पारियां खेली। दिल्ली के लिए तेज गेंदबाज मोरने मोर्कल ने तीन विकट अपने नाम किए।