दिल्ली के कोटला मैदान पर आईपीएल-6 पहली में जीत की तलाश में दिल्ली और अंतिम मैच में पुणे के हाथों हार से दुखी चेन्नई की टीमें आपस में भिड़ेंगी।
लाल जर्सी में दर्शक अपने घरेलू टीम दिल्ली डेयर डेविल्स का समर्थन करेंगे जबकि पीले ड्रेस में टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान के चाहने वालों की भी संख्या कम नहीं होगी।
दिल्ली के लिए अभी तक यह टूर्नामेंट एक बुरे सपने की तरह रहा है। लगातार पांच हार झेलनी वाली दिल्ली के सामने चेन्नई की कड़ी चुनौती होगी। दर्शक भी इस हार्टबीटिंग मैच में दबाव में दिखेंगे।
खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन के अलावा भाग्य ने भी अभी तक दिल्ली का साथ नहीं दिया है।
हालांकि दिल्ली के पास मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के खिलाफ मैच जीतने का सुनहरा मौका था लेकिन सुपर ओवर तक पहुंचे इस मुकाबले में भाग्य ने उसका साथ नहीं दिया।
दिल्ली की कप्तानी श्रीलंकाई खिलाड़ी माहेला जयवर्धने के हाथ में है जबकि चेन्नई की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी कर रहे हैं। टीम और कप्तान के मामले में चेन्नई की टीम दिल्ली पर भारी दिख रही है। लेकिन अंतिम मैच पुणे से हारने के बाद चेन्नई की टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगी।