बाएं हाथ के स्पिनर विकास मिश्रा के मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (12 विकेट) के दम पर दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच में सोमवार को तीसरे दिन यहां मध्यप्रदेश को नौ विकेट से हराकर छह अंक हासिल किए।
पहली पारी में 129 रन से पिछड़ने वाली मध्यप्रदेश की टीम ने सोमवार को दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के सात रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम एक समय बिना किसी नुकसान के 83 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी जिसके बाद कुलवंत खेजरोलिया (34 रन पर एक विकेट) ने आर्यमान बिरला (32) को बोल्ड करके दिल्ली को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद मिश्रा ने दूसरे सलामी बल्लेबाज आनंद बैंस (46) को अपना पहला शिकार बनाया। सलामी बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद मिश्रा की फिरकी के आगे मध्यप्रदेश की पारी लड़खड़ गयी और पूरी टीम 64.4 ओवर में 157 रन पर सिमट गई।
पहली पारी में छह विकेट लेने वाले मिश्रा ने दूसरी पारी में भी 30 रन देकर छह विकेट लिए। उन्होंने मैच में 71 रन देकर 12 विकेट लिए। मिश्रा के अलावा दूसरी पारी में शिवम शर्मा ने भी तीन विकेट लिए।
दिल्ली को चौथी पारी में जीत के लिए 29 रन का लक्ष्य मिला जो उसने एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। दिल्ली की टीम हालांकि बोनस अंक लेने से चूक गयी क्योंकि 27 रन के स्कोर पर कुणाल चंदेला आउट हो गये। टीम अगर 10 विकेट से जीतती तो उसे सात अंक मिलते।
मुश्किल परिस्थितियों में दिल्ली की पहली पारी में 134 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज रावत प्लेअर आफ मैच रहे। इससे पहले मध्य प्रदेश के पहली परी 132 रन के जवाब में दिल्ली ने 261 रन बनाए थे।
हैदराबाद को पंजाब पर पहली पारी की बढ़त
टी रवि तेजा और मोहम्मद सिराज की शानदार गेंदबाजी के दम पर पंजाब को पहली पारी में 303 रन पर आउट करके हैदराबाद ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच के तीसरे दिन सोमवार कोबढ़त बना ली। हैदराबाद के पहली पारी के 317 रन के जवाब में अपने कल के स्कोर चार विकेट पर 202 रन से आगे खेलते हुए पंजाब ने बाकी छह विकेट 101 रन के भीतर गंवा दिए।
गुरकीरत सिंह 130 गेंद पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 87 रन बनाकर नाबाद रहे । वहीं मनदीप सिंह 63 रन बनाकर आउट हुए जिन्होंने 147 गेंद खेलकर चार चौके और एक छक्का लगाया। हैदराबाद के लिए रवि तेजा ने पांच और सिराज ने तीन विकेट लिए। दूसरी पारी में हैदराबाद ने दो विकेट 155 रन पर गंवा दिए । उसके पास कुल 169 रन की बढ़त हो गई है ।
विदर्भ ने गुजरात पर शिकंजा कसा
सिद्धार्थ देसाई के करियर के सर्वश्रेष्ठ आठ विकेट के बावजूद विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच में सोमवार को तीसरे दिन यहां गुजरात के खिलाफ पहली पारी में 164 रन की बढ़त हासिल की। विदर्भ ने सोमवार को तीन विकेट पर 238 रन से आगे से शुरूआत की और कल के नाबाद बल्लेबाज गणेश ने 75 रन बनाये। वाखरे ने 55 और विकेटकीपर वाडकर ने 88 रन की पारियों से टीम ने पहली पारी में 485 रन बनाए।
देसाई ने 43.5 ओवर में 148 रन देकर आठ विकेट लिए। चिंतन गाजा और अर्जन नागवास्वाला को एक-एक विकेट मिला। गुजरात की दूसरी पारी में शुरूआत अच्छी नहीं रही और कप्तान प्रियांक पंचाल (दो) सस्ते में चलते बने। स्टंप्स के समय गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 22 रन था और टीम अब भी विदर्भ से 142 रन पीछे है और उसके नौ विकेट शेष है। गुजरात की पहली पारी में 321 रन सिमटी थी।
सौराष्ट्र के खिलाफ मुंबई को पहली पारी में बढ़त
गेंदबाजों के मिश्रित प्रदर्शन से मुंबई ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के मैच में सोमवार को तीसरे दिन यहां सौराष्ट्र को पहली पारी 348 रन पर आउट कर 46 रन की बढ़त हासिल की। मुंबई ने दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में श्रेयस अय्यर के 61 गेंद में ताबड़तोड़ 83 रन की पारी के दम पर 32 ओवर में पांच विकेट पर 175 रन बना लिए जिससे उसकी कुल बढ़त 221 रन की हो गई है।
सौराष्ट्र के लिए जयदेव उनादकट और चेतन सकारिया ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले सौराष्ट्र ने दिन की शुरूआत पहली पारी में पांच विकेट पर 213 रन से आगे से की। चिराग जानी के 85 रन के योगदान से टीम ने ऑलआउट होने से पहले 348 रन बना लिए। मुंबई के लिए शिवम दूबे, तनुष कोटियान, मिनाद मांजरेकर, रॉयस्टन डियाज ने दो-दो जबकि अय्यर और आकाश पारकर ने एक-एक विकेट लिए।