फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: दिल्ली-झारखंड ने सुपरलीग में बनाई जगह

Sat, 02 Mar 2019 06:23 PM IST
Mukesh Jha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
hiten dalal
विज्ञापन

दिल्ली ने सुबोध भाटी (14 रन देकर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी और सलामी बल्लेबाज हितेन दलाल की 81 रन की आकर्षक पारी से नगालैंड को 45 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराया। भाटी की बेहतरीन गेंदबाजी से दिल्ली ने नगालैंड को 19.4 ओवर में 118 रन पर समेट दिया। नगालैंड की तरफ से सलामी बल्लेबाज आदित्य ने सर्वाधिक 64 रन बनाये। नितीश राणा ने तीन ओवर में दस रन के एवज में दो विकेट लेकर भाटी का अच्छा साथ दिया।

विज्ञापन


दिल्ली ने केवल 12.3 ओवर में तीन विकेट पर 119 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। दलाल ने 40 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और सात छक्के लगाये। उन्होंने हिम्मत सिंह (नाबाद 23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की। दिल्ली की यह छह मैचों में पांचवीं जीत है जिससे उसने 20 अंकों के साथ लीग चरण के अभियान का अंत किया। झारखंड के भी 20 अंक रहे और बेहतर रन गति के आधार पर वह ग्रुप ए से शीर्ष पर रहा।

झारखंड ने एक अन्य मैच में केरल को पांच विकेट से हराया। इन दोनों टीमों को आगे बढ़ने के लिए जीत की दरकार थी। केरल ने छह विकेट पर 176 रन बनाये। उसकी तरफ से कप्तान सचिन बेबी ने 36, आरएस कुन्नुमल ने 34 और वी मनोहरन ने 31 रन बनाये। झारखंड की तरफ से राहुल शुक्ला और विकास सिंह ने दो-दो विकेट लिए।
विज्ञापन


झारखंड ने 19.1 ओवर में पांच विकेट पर 180 रन बनाकर जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज आनंद सिंह (72) और विराट सिंह (46) ने दूसरे विकेट के लिए 71 रन जोड़े लेकिन वह अनुभवी सौरभ तिवारी थे जिन्होंने 24 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इसी ग्रुप के एक अन्य मैच में आंध्र ने मणिपुर को 91 रन से पराजित किया। आंध्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 252 रन बनाये। इसके जवाब में मणिपुर की टीम पांच विकेट पर 161 रन ही बना पायी। ये दोनों टीमें सुपरलीग की दौड़ से पहले ही बाहर हो गयी थी।

बारिश से धुले मैच, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सुपरलीग में
खराब मौसम और बारिश के कारण सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्राफी के ग्रुप ई के चारों मैच बुधवार को यहां पूरे नहीं हो पाये। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र ने इस ग्रुप से सुपरलीग में जगह बनाई। मैच पूरे नहीं हो पाने के कारण सभी टीमों को दो . दो अंक मिले। उत्तर प्रदेश और बड़ौदा का मैच केवल 12.1 ओवर तक संभव हो पाया। बड़ौदा ने तब दो विकेट पर 76 रन बनाये थे। महाराष्ट्र और त्रिपुरा का मैच आठ-आठ ओवर का कर दिया गया था। इसमें भी केवल चार ओवर का खेल हो पाया जिसमें महाराष्ट्र ने तीन विकेट पर 50 रन बनाए।

उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र ने सात में से पांच-पांच मैच जीते जबकि एक मैच अनिर्णीत छूटा। इस तरह से उनके 22-22 अंक रहे लेकिन उत्तर प्रदेश बेहतर रन गति के आधार पर ग्रुप ई से शीर्ष पर रहकर सुपरलीग में पहुंचा। उत्तराखंड और हैदराबाद तथा सेना और पुदुच्चेरी के मैच भी बारिश की भेंट चढ़े। सेना और उत्तराखंड के समान 18-18 अंक रहे और वे ग्रुप से क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर रहे और सुपरलीग में नहीं पहुंच पाए।

विज्ञापन

विजय का शतक बेकार, विदर्भ और गुजरात सुपर लीग में
सूरत, दो मार्च (भाषा) सलामी बल्लेबाज मुरली विजय के शतक से शनिवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के ग्रुप बी टी20 मैच में मेघालय पर 92 रन की जीत के बावजूद तमिलनाडु की टीम सुपर लीग के लिये क्वालीफाई नहीं कर सकी।  विदर्भ ने गुजरात को पांच विकेट से हराकर पांचवीं जीत हासिल की और इन दोनों टीमों ने सुपर लीग में प्रवेश किया।

विदर्भ ग्रुप बी में 20 अंक लेकर शीर्ष पर रहा। वहीं गुजरात, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के चार चार जीत से 16-16 अंक रहे। लेकिन गुजरात (1.28) ने बेहतर नेट रन रेट के बूते हिमाचल प्रदेश (0.705) और तमिलनाडु (0.397) को पछाड़ दिया और सुपर लीग के लिये क्वालीफाई किया। एक अन्य मैच में राजस्थान ने बिहार को 19 रन से मात दी। लेकिन दोनों टीमें पहले ही बाहर हो गयीं थीं। वहीं मेघालय की टीम छह में से एक भी मैच में जीत हासिल नहीं कर सकी।

गुजरात ने बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद छह विकेट पर 121 रन बनाये। विदर्भ ने इस लक्ष्य को 18.2 ओवर में पांच विकेट पर 122 रन बनाकर हासिल कर लिया। वहीं मुरली विजय की 67 गेंद में नौ चौके और पांच छक्के से खेली गयी 107 रन की शानदार पारी और वाशिंगटन सुंदर (53) के अर्धशतक से तमिलनाडु ने दो विकेट गंवाकर 213 रन का स्कोर बनाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें