राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का वायु प्रदूषण भारत और बांग्लादेश के बीच तीन नवंबर को होने वाले टी-20 सीरीज के पहले मैच में चिंता का सबब बना हुआ है। दो साल पहले दिसंबर में श्रीलंका की टीम के कई खिलाड़ी फिरोजशाह कोटला मैदान में चल रहे टेस्ट मैच में मास्क पहनकर उतरे थे। कई खिलाड़ी कथित रूप से बीमार भी हो गए थे। हालांकि बीसीसीआई की रोटेशन पॉलिसी और मेहमान टीम के यात्रा मार्ग को देखते हुए पहला मैच दिल्ली में ही रखा गया है।
भारतीय बोर्ड को उम्मीद है कि वायु प्रदूषण मैच में बड़ा मुद्दा नहीं बनेगा। दिवाली से पहले वायु का क्वालिटी इनडेक्स (एक्यूआई) खराब बताया जा रहा है। एक्यूआई स्तर 0-50 को अच्छा माना जाता है जबकि 51-100 का स्तर संतोषजनक, 101-200 का मध्यम और 201 से ऊपर खराब माना जाता है।
बीसीसीआई और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अधिकारियों का कहना है कि वायु प्रदूषण उनके नियंत्रण से बाहर की चीज है। सिर्फ उम्मीद कर सकते हैं कि स्थिति नियंत्रण में होगी क्योंकि मैच दिवाली से एक हफ्ते पहले हो रहा है।
बीसीसीआई के अधिकारियों का कहना है कि मेहमान टीम के कारण ऐसा कार्यक्रम बनाया गया है। टीम सीधे दिल्ली आएगी और जब रवाना होगी तो कोलकाता से होगी। हमने उनकी सुविधानुसार कार्यक्रम बनाया है। वह उत्तरी क्षेत्र से पश्चिमी क्षेत्र जाएंगे (नागपुर, राजकोट, इंदौर) और सीरीज का अंतिम मुकाबला दूसरे टेस्ट के रूप में कोलकाता में खेलेंगे।