भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता नोवाक जोकोविच की तुलना करते हुए बड़ा बयान दिया है। दीप्ति ने कहा है कि धोनी और जोकोविच में मुश्किल हालात में भी शांत और स्थिर रहने की अनोखी क्षमता है। दीप्ति महिला टी20 विश्व कप में शामिल होने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं। भारत का सफर इस टूर्नामेंट में ग्रुप चरण में ही थम गया है।
दीप्ति ने जियो हॉटस्टार पर कहा, जब आप जोकोविच की बात करते हैं, तो हर कोई उनकी मानसिक ताकत की बात करता है। वह ऐसे इंसान हैं जो कभी हार नहीं मानते, चाहे हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों। क्रिकेट में मुझे लगता है कि धोनी सर भी काफी हद तक ऐसे ही हैं। वह बहुत शांत रहने के लिए जाने जाते हैं। ऐसा कभी नहीं लगता कि वह किसी मुश्किल हालात में हैं। जब भी दबाव वाले हालात आते हैं, तो वह उन्हें बहुत अच्छे से हैंडल करते हैं। जोकोविच और धोनी दोनों में यही खास बात है, जब सबसे ज्यादा जरूरत हो, तो वे शांत और मजबूत बने रहते हैं। उनसे हम शांत रहना और मुश्किल हालात से निकलना सीखते हैं।
जोकोविच को बताया पसंदीदा खिलाड़ी
दीप्ति ने कहा, जोकोविच मेरे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। मैं उनके खेल को बहुत करीब से फॉलो करती हूं। जिस तरह से वह कोर्ट पर लड़ते हैं, उनकी मानसिक ताकत और उनका कभी हार न मानने वाला रवैया, मैं सच में इन सबकी तारीफ करती हूं। उन्हें खेलते देखना हमेशा प्रेरणादायी होता है। मैं फेडरर और नडाल जैसे महान खिलाड़ियों को देखते हुए बड़ी हुई हूं। मैंने लंबे समय तक उनके मैच करीब से फॉलो किए हैं। लेकिन हाल ही में, जोकोविच मेरे पसंदीदा बन गए हैं। अब मैं किसी और से ज्यादा उनके मैच फॉलो करती हूं।
दीप्ति ने कहा, मेरा सपना था कि एक दिन मैं विंबलडन मैच देखने आऊं और आखिरकार यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। जब आपने हमेशा किसी चीज को टीवी पर देखा हो, उसे पहली बार लाइव देखने का आनंद ही अलग है। यहां का माहौल, भीड़, एनर्जी सब कुछ अलग है। मुझे विंबलडन देखने में मजा आ रहा है।
सचिन-शास्त्री और गावस्कर के साथ विंबलडन देखना चाहती हैं दीप्ति
विंबलडन में एक दिन के लिए किसके साथ जाना चाहेंगी? इस सवाल के जवाब में दीप्ति ने कहा, मैं अपने साथ तीन लोगों सचिन तेंदुलकर, रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर को ले जाना चाहूंगी। मुझे लगता है कि उनके साथ टेनिस देखना एक शानदार अनुभव होगा। उन्हें खेल के बारे में बहुत जानकारी है। मैं मैच देखते समय उनके विचार और विश्लेषण सुनना पसंद करूंगी।