टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को एक और झटका लग सकता है। तेज गेंदबाज दीपक चाहर के बाहर होने की खबरें सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चाहर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उन्हें स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में चुना गया था। चाहर के स्थान पर ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को स्टैंडबाय खिलाड़ी के तौर पर चुना गया है।
जसप्रीत बुमराह की जगह उनके और मोहम्मद शमी में से किसी को मुख्य टीम में शामिल करने की बात चल रही थी। अब चाहर चोट के कारण इस रेस से पूरी तरह बाहर हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लखनऊ में खेले गए वनडे से पहले ट्रेनिंग सेशन में वह अपने टखने में चोट लगा बैठे थे। उसके बाद वह पूरी सीरीज से ही बाहर हो गए थे। उनके स्थान पर स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को चुना गया था।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: टी20 में चेज करने में माहिर है टीम इंडिया, लक्ष्य का पीछा करते हुए इस साल 11 में से नौ मैच जीते
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स से खेलने वाले तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी और दिल्ली कैपिटल्स से खेलने वाले चेतन साकरिया नेट बॉलर्स के तौर पर ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया से जुड़ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद शमी ने भी फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। उन्हें बुमराह की जगह मुख्य टीम में चुना जाएगा।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: टी20 में ऑस्ट्रेलियाई मैदानों पर टीम इंडिया का बेहतरीन रिकॉर्ड, 12 में से जीत चुके सात मैच
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम:
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर (आधिकारिक रूप से चाहर का नाम अभी नहीं हटा है)।