ऋतुराज गायकवाड़ के अर्धशतक का जश्न मनाते दीपक चाहर
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2023 के पहले मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आक्रामक अंदाज में रन बनाए। इस मैच में ऋतुराज ने 50 गेंद में 92 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान चार चौके और नौ बेहतरीन छक्के लगाए। चेन्नई का स्कोर 178 रन तक पहुंचाने में उनका योगदान सबसे ज्यादा था। ऋतुराज इस पारी में चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उनके बाद टीम के लिए दूसरा सबसे ज्यादा स्कोर मोईन अली ने बनाया, जिन्होंने 23 रन की पारी खेली।
ऋतुराज इस मैच में शुरुआत से ही बेहतरीन लय में थे और सिर्फ 23 गेंद में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। ऐसे में चेन्नई के फैंस खुशी में झूम रहे थे और ऋतुराज के साथी खिलाड़ी भी उनके अर्धशतक का जश्न मना रहे थे। दीपक चाहर ने खास अंदाज में ऋतुराज के अर्धशतक का जश्न मनाया। उन्होंने चेन्नई की लोकप्रिय विशेल पोडू बजाते हुए गायकवाड़ के अर्धशतक पर खुशी जाहिर की।
खराब शुरुआत के बाद गुजरात ने की वापसी
इस मैच में गुजरात की टीम ने तीसरे ओवर में ही पहली सफलता हासिल कर ली थी। डेवोन कॉन्वे छह गेंद में सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए थे। इस समय चेन्नई का स्कोर सिर्फ 14 रन था। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने मोईन अली के साथ मिलकर पारी संभाली और तेजी से रन बनाए। अली 17 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे। इसके बाद एक छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन गायकवाड़ आक्रामक अंदाज में रन बनाते रहे। वह 18वें ओवर में आउट हुए, तब चेन्नई का स्कोर 151 रन था। इसके बाद शिवम दुबे ने 19 और धोनी ने 17 रन की पारी खेल चेन्नई का स्कोर सात विकेट पर 178 रन तक पहुंचाया।