भारत के खिलाफ आखिरी वनडे में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से डेब्यू करने वाले युवा ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन पहले ही मैच में भारतीय स्पिन गेंदबाजों के मुरीद हो गए। ग्रीन का मानना है कि कोई भी रिसर्च मैदान पर उनका सामना करने के लिए किसी बल्लेबाज को तैयार नहीं कर सकती ।
ग्रीन ने क्रिकेट डॉटकॉम डॉट एयू से कहा, ‘भारत के स्पिनर लाजवाब हैं। मैंने ऐसे बेहतरीन स्पिनर कभी नहीं देखे।’ उन्होंने कहा, 'जडेजा शानदार गेंदबाज है और उसे पता है कि वह क्या कर रहा है। आप इन गेंदबाजों का सामना करने के लिए कितने ही फुटेज देख लें या रिसर्च कर लें लेकिन मैदान पर बात अलग ही होती है। वह अनुभव अलग ही है।’
ग्रीन ने कहा, ‘विराट कोहली को गेंदबाजी करके पता चलता है कि वे कितने उम्दा क्रिकेटर हैं। उन्होंने मेरी गेंदों का बखूबी सामना किया।’
गौरतलब है कि जीत के लिए 303 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्रीन पांचवें नंबर पर आए और 21 रन बनाकर रविंद्र जडेजा को कैच देकर लौटे। उन्होंने एक चौका और एक छक्का जड़ा। इसके अलावा उन्होंने चार ओवर की गेंदबाजी में 27 रन दिए।