दिल्ली की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई। उसके 12 मैचों में आठ अंक हैं। वह अगर अपने बाकी बचे दोनों मैचों को जीत भी लेता है तो उसके 12 अंक ही होंगे।
दिल्ली कैपिटल्स को पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार (13 मई) को करारी हार का सामना करना पड़ा। पंजाब ने उसे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 31 रन से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। वहीं, दिल्ली की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई। उसके 12 मैचों में आठ अंक हैं। वह अगर अपने बाकी बचे दोनों मैचों को जीत भी लेता है तो उसके 12 अंक ही होंगे। ऐसे में वह अगले दौर में नहीं पहुंच पाएगा। दूसरी ओर, पंजाब ने इस जीत के साथ ही अंक तालिका में छलांग लगाई है। उसके 12 अंक हो गए और वह छठे स्थान पर पहुंच गया है।
विज्ञापन
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने 20 ओवर में सात विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 136 रन ही बना सकी।
प्रभसिमरन सिंह
- फोटो : IPL/BCCI
प्रभसिमरन का आईपीएल में पहला शतक
पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने सर्वाधिक 103 रन बनाए। उनका आईपीएल में यह पहला शतक है। प्रभसिमरन आईपीएल के मौजूदा सीजन में शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए हैरी ब्रूक, कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए वेंकटेश अय्यर, राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल और मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव ने शतक लगाया है।
नहीं चला धवन-जितेश और लिविंगस्टोन का बल्ला
प्रभसिमरन के अलावा सैम करन और सिकंदर रजा ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। सैम करन ने 24 गेंद पर 20 और सिकंदर रजा ने सात गेंद पर नाबाद 11 रन बनाए। शिखर धवन सात, जितेश शर्मा चार, लियाम लिविंगस्टोन चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। हरप्रीत बराड़ और शाहरुख खान ने दो-दो रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए इशांत शर्मा ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। अक्षर पटेल, प्रवीण दुबे, कुलदीप यादव और मुकेश कुमार को एक-एक सफलता मिली।
डेविड वॉर्नर
- फोटो : IPL/BCCI
जीत नहीं दिला सके डेविड वॉर्नर
दिल्ली के बल्लेबाजों ने इस मैच में शर्मनाक प्रदर्शन किया। खराब बल्लेबाजी के कारण ही टीम को हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली के लिए सिर्फ डेविड वॉर्नर ही टिक सके। उन्होंने 27 गेंद पर 200 की स्ट्राइक रेट से 54 रन बनाए। वॉर्नर ने 10 चौके लगाए। उनके बल्ले से एक छक्का भी निकला, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।
दिल्ली के पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके
दिल्ली की टीम ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 65 रन बना लिए थे। उसके बाद 50 रन और जोड़ने में टीम के छह बल्लेबाज आउट हो गए। यहां से टीम हार की ओर बढ़ गई। पंजाब के स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते दिल्ली के बल्लेबाजों को पिच पर ढेर कर दिया। दिल्ली के लिए फिलिप साल्ट 21, अमन हकीम खान और प्रवीण दुबे ने 16-16 रन बनाए। कुलदीप यादव ने नाबाद 10 रन बनाए। इन पांच बल्लेबाजों के अलावा कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। रिले रूसो पांच, मिचेल मार्श तीन और अक्षर पटेल एक रन बनाकर आउट हुए। मनीष पांडे खाता नहीं खोल सके।
पंजाब के गेंदबाजों ने किया कमाल
शुरुआती छह ओवरों में तो पंजाब के गेंदबाज नहीं चले, लेकिन एक बार जब पावरप्ले समाप्त हुआ और स्पिनर्स आए तो वह छा गए। हरप्रीत बराड़ और राहुल चाहर ने कहर बरपा दिया। हरप्रीत बराड़ ने चार और राहुल चाहर ने दो विकेट लिए। आखिरी ओवरों में तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने दो विकेट झटके।