ऑस्ट्रेलियाई टीम में बांए हाथ के तोडू-फोडू बल्लेबाज डेविड वॉर्नर मैदान में सिर्फ चौके और छक्के मारने से ज्यादा बुरे व्यवहार के लिए जाने जाते है। वॉर्नर का गुस्सा हाल ही के मैचों में काफी देखने को मिला।
सबसे पहले बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी सीरीज के दौरान वॉर्नर टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान विराट कोहली से किसी बात को लेकर भिड़ गए थे। कई बार तो अंपायर तक को बीच-बचाव करना पड़ा था। उसके बाद भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच हाल ही में सम्पन्न हुई त्रिकोणीय सीरीज के दौरान वॉर्नर टीम इंडिया के खिलाड़ी रोहित शर्मा से भिड़ गए।
दरअसल, हुआ यूं कि रोहित के एक गेंद पर शॉट मारने के बाद वॉर्नर ने उनके पास आकर कुछ बोला। जिसके बाद रोहित ने भी उनकी बातों का जवाब दिया। जिससे वॉर्नर का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। बस फिर क्या था दोनों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरु हो गई।
परिणामस्वरुप रेफरी ने वॉर्नर की मैच फीस काटकर उन्हें दंडित किया। मैच खत्म होने के बाद वॉर्नर ने पत्रकारवार्ता में सफाई भी दी। वॉर्नर ने कहा कि उन्होंने रोहित से सिर्फ इतना कहा था कि "मुझे हिन्दी समझ में नहीं आती। इंग्लिश में बोलो।"
बहरहाल, वर्ल्ड कप शुरु होने वाला है और आईसीसी मैदान में खिलाड़ियों की छिंटाकशी को लेकर काफी गम्भीर है। आईसीसी कह चुकी है कि वर्ल्ड कप के दौरान खिलाड़ियों का गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।