कोरोना महामारी के दौर में बदलते हालातों और क्रिकेट के नियमों से कई खिलाड़ी चिंतित हैं। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने इसे लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की है और करियर पर भी राय रखी है। वार्नर ने कहा कि उन्हें कोविड-19 प्रतिबंधों को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के तौर पर अपने भविष्य को लेकर पुनर्विचार करना होगा। कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण खिलाड़ियों को पृथकवास की कड़ी शर्तों को पूरा करने के लिए अपने परिवार के बिना यात्रा करनी होगी।
गेंद से छेड़छाड़ के कारण एक साल का प्रतिबंध झेलने के बाद सफल वापसी करने वाले वार्नर के परिवार में पत्नी कैंडिस और तीन बेटियां हैं। इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि परिवार से दूर रहना आसान नहीं होगा।
ईएसपीएनक्रिकइन्फो के अनुसार वार्नर ने कहा, ‘निश्चित तौर पर तीनों बेटियां और मेरी पत्नी मेरे करियर का अहम हिस्सा हैं। आपको हमेशा सबसे पहले अपने परिवार के बारे में सोचना होता है तथा क्रिकेट और इस अप्रत्याशित समय में आपको इन फैसलों को महत्व देना होता है।’
उन्होंने कहा, ‘देखिए अभी मैं करियर जारी रखने का प्रयास करता रहूंगा। इस बार टी-20 विश्व कप स्वदेश में नहीं हो रहा। उसे यहां खेलना और खिताब जीतना आदर्श होता। अब उसे स्थगित कर दिया गया है। जब भारत में इसका आयोजन होगा तो मुझे इस बारे में फिर से विचार करना होगा।’
वार्नर ने कहा, ‘मुझे अपनी स्थिति का आकलन करना होगा और क्या बेटियां स्कूल जा रही हैं। इनमें से बहुत कुछ मेरे फैसले का हिस्सा हैं। यह केवल इससे नहीं जुड़ा है कि मैच कब खेले जाएंगे या कितनी क्रिकेट खेली जाएगी। यह मेरे लिए बड़ा पारिवारिक फैसला है।’
गौरतलब है कि इस महामारी के बीच क्रिकेट की वापसी की दिशा में कुछ कदम उठाए गए हैं। संक्रमण से बचने के लिए पृथकवास के नियम बनाए गए हैं और जैव सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा रहा है। आस्ट्रेलिया में क्रिकेटरों के पास अपने प्रांतों में अभ्यास करने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं हैं।