श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने ओपनर दनुष्का गुणातिलका पर आचार संहिता का उल्लंघन करने पर छह मैचों का प्रतिबंध लगाया है। उनके दोस्त पर टीम होटल के कमरे में नार्वे की दो महिलाओं में से एक के साथ कथित दुष्कर्म का आरोप है।
पुलिस ने कहा कि गुणातिलका पर आरोप नहीं लगाए गए हैं लेकिन क्रिकेट बोर्ड की सुनवाई में उन्हें टीम अनुशासन और अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। एसएलसी के नियमों के अनुसार मैचों के दौरान खिलाड़ी होटल के अपने कमरे में किसी मेहमान को नहीं बुला सकते।
बोर्ड ने बयान में कहा, 'श्रीलंका क्रिकेट ने खिलाड़ियों की आचार संहिता और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने के लिये दनुष्का गुणतिलका को छह अंतरराष्ट्रीय मैचों से निलंबित करने का फैसला किया है।' गुणतिलका इस तरह से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच वन-डे और एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेल पाएंगे। उन्हें अनुशासनात्मक सुनवाई लंबित होने के कारण पहले ही श्रीलंका की वन-डे टीम से बाहर कर दिया गया था।