मांसपेशी में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे न्यूजीलैंड के लेफ्ट आर्म स्पिनर डेनियल विटोरी का इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेलना संदिग्ध लग रहा है। विटोरी ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ उनका पूरी तरह से फिट होना मुश्किल लग रहा है। 34 वर्षीय विटोरी ने कहा, ‘हो सकता है कि मैं इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज तक पूरी तरह फिट न हो पाऊं। लेकिन मैं नार्दर्न डिस्ट्रिक्टस की तरफ से फरवरी के अंत में होने वाली वन-डे सीरीज के लिए उपलब्ध रहूंगा और उसके बाद जो होगा वह देखा जाएगा।'
उन्होंने कहा, 'मांसपेशी में खिंचाव की समस्या भी अजीब है। इसमें दर्द उठता है और फिर ठीक हो जाता है। मुझे न केवल चयनकर्ताओं के समक्ष अपनी फिटनेस साबित करनी पडे़गी बल्कि खुद को भी संतुष्ट करना पडे़गा। मैं देखूंगा कि चीजें कैसे आगे बढ़ती हैं और उसी हिसाब से आगे की रणनीति बनाऊंगा।’
नार्दर्न डिस्ट्रिक्टस अपना पहला मैच 26 फरवरी को खेलेगी जबकि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज छह मार्च से शुरू होगी।