जुनैद खान (4 विकेट) और नासिर जमशेद (नाबाद 101) के शतक की बदौलत पाकिस्तान ने सीरीज के पहले वनडे मैच में भारत को छह विकेट से हरा दिया। भारत के दिए 228 रनों के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर लिया है। एमएस धोनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच का फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें।
भारत के भुवनेश्वर कुमार ने पाकिस्तान को शुरुआती दो झटके दिए। युवा तेज गेंदबाज ने मैच की पहली गेंद पर मोहम्मद हफीज को बोल्ड कर दिया। इसके बाद अजहर अली (2) को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। दूसरे छोर से नासिर जमशेद ने मोर्चा संभाले रखा और 132 गेंदों में पांच चौका और एक छक्का की मदद से नाबाद 101 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। शोएब मलिक ने 35 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर जमशेद का अंत तक साथ निभाया।
यूनुस खान ने 60 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का की मदद से 58 रन बनाए। नासिर जमशेद और यूनुस के बीच 112 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने दो, जबकि ईशांत शर्मा और अशोक डिंडा ने एक-एक विकेट लिया।
धोनी का शतक, भारत ने बनाए 227 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धोनी (113 नाबाद) की कप्तानी पारी के दम पर निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए। महज 29 रनों पर भारत के पांच प्रमुख बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान एमएस धोनी ने शतक जड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
धोनी ने पहले सुरेश रैना (43) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए उपयोगी 73 रनों की साझेदारी की। इसके बाद आर अश्विन के साथ मिलकर 125 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम का स्कोर 225 के पार पहुंचाया। धोनी ने 125 गेंदों में तीन छक्का और सात चौकों की मदद से नाबाद 113 रनों की पारी खेली। आर अश्विन ने 39 गेंदों में दो चौकों की मदद से नाबाद 31 रन बनाए। सुरेश रैना ने 88 गेंदों में 43 रनों की अहम पारी खेली। उन्हें मोहम्मद हफीज ने बोल्ड किया।
जुनैद खान की घातक गेंदबाजी के सामने 29 के स्कोर पर भारत पांच विकेट गंवाकर बैकफुट आ गया था। वीरेंद्र सहवाग केवल 4 रन बनाकर जुनैद खान की गेंद पर बोल्ड हो गए। अगले ही ओवर में गौतम गंभीर (8) को मोहम्मद इरफान ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद जुनैद ने एक ही ओवर में युवराज सिंह (2) और विराट कोहली को बिना खाता खोले बोल्ड कर दिया। जुनैद ने ने रोहित शर्मा (4) को हफीज के हाथों कराकर भारत को पांचवा झटका दिया।
पाकिस्तान की ओर से जुनैद खान ने 9 ओवर में 43 रन देकर चार विकेट लिए। इसके अलावा मोहम्मद इरफान और मोहम्मद हफीज को एक-एक विकेट मिला।