दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी गैरी कर्स्टन की जगह पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मौजूदा राष्ट्रीय चयनकर्ता और पूर्व तेज गेंदबाज आकिब जावेद सीमित ओवर टीम के मुख्य कोच बन सकते हैं। पाकिस्तान को 24 नवंबर से पांच दिसंबर तक तीन वनडे और इतने ही टी20 मैचों के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करना है और माना जा रहा है कि इस सीरीज से पहले ही आकिब की नियुक्ति हो सकती है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक सूत्र ने कहा कि जावेद टीम के कोच की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने उन्हें मना लिया है। सूत्र ने कहा, पाकिस्तानी टीम सोमवार को ऑस्ट्रेलिया में अपना आखिरी टी20 मैच खेलने के बाद हरारे के लिए उड़ान भरेगी। ऐसे में नए मुख्य कोच जिम्बाब्वे में उनके साथ जुड़ेंगे।
कर्स्टन ने कुछ दिनों पहले टीम के मुख्य कोच का पद छोड़ा था जिसके बाद टेस्ट टीम के कोच जेसन गिलेस्पी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जावेद मौजूदा समय में सीनियर राष्ट्रीय चयनकर्ता हैं। उनके पास पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में लाहौर कलंदर्स के साथ कोचिंग का काफी अनुभव है। वह हाल ही में श्रीलंका के गेंदबाजी कोच भी थे। वह अतीत में पाकिस्तान के गेंदबाजी कोच और अंडर-19 टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। पाकिस्तान के सीमित ओवर के कोच गैरी कर्स्टन के पद छोड़ने के बाद पीसीबी टेस्ट कोच जेसन गिलेस्पी को इस जिम्मेदारी को सौंपना चाहता था लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।