फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs SRH: 21 साल के अभिषेक ने हैदराबाद को दिलाई पहली जीत, पिछली बार की चैंपियन चेन्नई को आठ विकेट से हराया

Sat, 09 Apr 2022 08:24 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दो अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में आठवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, चेन्नई की टीम लगातार चार हार के बाद प्वाइंट्स टेबल में नौवें नंबर पर है। 
विज्ञापन
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2022 के 17वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हरा दिया। यह इस सीजन में डिफेंडिंग चैंपियन सीएसके की लगातार चौथी हार है। वहीं, हैदराबाद ने सीजन में अपना पहला मैच जीता। टीम तीन मैच खेल चुकी है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 154 रन बना सकी। मोईन अली ने 48 रन बनाए।
विज्ञापन


जवाब में हैदराबाद ने 17.4 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। एसआरएच के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 50 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली। राहुल त्रिपाठी 15 गेंदों पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दो अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में आठवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, चेन्नई की टीम लगातार चार हार के बाद प्वाइंट्स टेबल में नौवें नंबर पर है। 

उथप्पा का कैच मार्करम ने पकड़ा - फोटो : IPL/BCCI

नटराजन ने ऋतुराज को क्लीन बोल्ड किया

पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की शुरुआत खराब रही। रॉबिन उथप्पा ने शुरुआत में कुछ अच्छे शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन वह इसे बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकाम रहे। उथप्पा को वॉशिंगटन सुंदर ने पवेलियन भेजा। वह 11 गेंदों पर 15 रन बना सके। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ भी कुछ खास नहीं कर सके और 16 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें टी नटराजन ने शानदार इन स्विंग पर क्लीन बोल्ड किया। 

इसके बाद मोईन अली और अंबाती रायुडू ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी निभाई। रायुडू 27 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सुंदर ने पवेलियन भेजा। मोईन अली भी अर्धशतक से चूक गए। वे 35 गेंदों पर 48 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शिवम दुबे (3), एमएस धोनी (3) कुछ खास नहीं कर सके। कप्तान रवींद्र जडेजा 15 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। 


मोईन अली

ड्वेन ब्रावो आठ रन और क्रिस जॉर्डन छह रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद की ओर से वॉशिंगटन सुंदर और टी नटराजन ने दो-दो विकेट झटके। वहीं, भुवनेश्वर कुमार, मार्को यानसेन और एडेन मार्करम को एक-एक विकेट मिला। 

155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम की शुरुआत बेहतरीन रही। अभिषेक शर्मा और कप्तान केन विलियम्सन ने पहले विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को मुकेश चौधरी ने तोड़ा। उन्होंने विलियम्सन को मोईन अली के हाथों कैच कराया। विलियम्सन 40 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। यह डेविड वार्नर के नहीं खेलते हैदराबाद की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। 

इस मामले में उन्होंने पार्थिव पटेल और शिखर धवन द्वारा 2013 में बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी की। वार्नर के रहते हैदराबाद के 14 बड़ी ओपनिंग साझेदारियां रहीं। इसके बाद अभिषेक ने राहुल त्रिपाठी के साथ मिलकर स्कोर को 140 के पार पहुंचाया। इस बीच अभिषेक ने अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया। जीत से कुछ रन पहले ड्वेन ब्रावो ने अभिषेक को पवेलियन भेजा। वह 50 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए। 


अभिषेक शर्मा और केन विलियम्सन
विज्ञापन

यह अभिषेक के आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने आईपीएल डेब्यू पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 19 गेंदों पर नाबाद 46 रन की पारी खेली थी। इसके बाद त्रिपाठी ने निकोलस पूरन के साथ मिलकर हैदराबाद को जीत दिलाई। त्रिपाठी 15 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन  बनाकर नाबाद रहे। वहीं, पूरन दो गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई की ओर से मुकेश और ब्रावो को एक-एक विकेट मिला।


जीत दिलाने के बाद हैदराबाद के राहुल त्रिपाठी और निकोलस पूरन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें