महेंद्र सिंह धोनी शुरुआत से ही आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं और इस टीम और यहां के लोगों से उनके रिश्ते इतने गहरे हैं कि लोगों उनकी प्यार से थाला कहकर बुलाते हैं। धोनी के बगैर चेन्नई की बात करना भी बेईमानी है। इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम के सीईओ काशी विश्वनाथन ने धोनी को भविष्य में टीम का मालिक तक बनने की उम्मीद जाता दी है। विश्वनाथन ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी टीम का दिलोदिमाग हैं और आने वाले दस साल में अगर वह ‘टीम बॉस’ होते हैं तो उन्हें कोई हैरानी नहीं होगी ।
धोनी मंगलवार को अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर अपने ‘थाला’ (तमिल में अगुआ) के जन्मदिन का जश्न मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। विश्वनाथन ने स्टार स्पोर्ट्स वन के तमिल शो पर कहा, ‘आने वाले दस साल में मुझे लगता है कि वह चेन्नई सुपर किंग्स के बॉस होंगे।’
धोनी आईपीएल की शुरूआत से चेन्नई के कप्तान हैं और टीम कभी भी शीर्ष चार से नीचे नहीं रही। विश्वनाथन का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि वह टीम के मालिक एन श्रीनिवासन के करीबी माने जाते हैं। अब देखना यह है कि क्या धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के जरिए खेल प्रशासन में उतरते हैं या नहीं।
विश्वनाथन ने यह भी बताया कि धोनी चेन्नई के पसंदीदा ‘थाला’ कैसे बन गए। उन्होंने कहा, ‘वह अपनी टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने में माहिर हैं। टीम का हर खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करता है, यही वजह है कि हम उन्हें थाला कहते हैं।’