आईपीएल 2027 के सीजन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कोचिंग स्टाफ में बड़ा परिवर्तन होगा। लंबे समय तक के मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से सीएसके से अलग होने का फैसला लिया है।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और उनके मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से एक-दूसरे से अलग होने का फैसला किया है। फ्रेंचाइजी प्रबंधन और फ्लेमिंग के बीच हुई चर्चा के बाद यह निर्णय किया गया है। फ्लेमिंग लंबे समय से सीएसके के मुख्य कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे, लेकिन आईपीएल 2026 के सीजन के कुछ महीने बाद ही उन्होंने इस टीम का साथ छोड़ने का फैसला कर लिया।
विज्ञापन
OFFICIAL ANNOUNCEMENT
The Super Kings and Head Coach Stephen Fleming have mutually decided to part ways.
Together, we shared one of the most successful and enduring partnerships in IPL history. The legacy you've built will continue to inspire us.
स्टीफन फ्लेमिंग साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में एक खिलाड़ी के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे।
इसके बाद साल 2009 में उन्होंने टीम के मुख्य कोच की कमान संभाली।
पिछले 17 वर्षों से सीएसके और फ्लेमिंग का साथ मजबूती से रहा और फ्रेंचाइजी ने कई सफलताएं हासिल की।
फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में सीएसके ने सफलता के नए आयाम छुए। उनके कोच रहते सीएसके ने पांच आईपीएल ट्रॉफी और दो बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब अपने नाम किया।
इतनी ही नहीं, सीएसके ने रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची।
मैनेजमेंट ने जताया आभार
सीएसके के मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, स्टीफन फ्लेमिंग इस फ्रेंचाइजी के पूरे सफर में हमारी कोचिंग यूनिट की धड़कन रहे हैं। लगभग दो दशकों तक उन्होंने हमारी पहचान, दृष्टिकोण और उत्कृष्टता को आकार देने में मदद की। सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी की ओर से हम उनकी प्रतिबद्धता और नेतृत्व के लिए गहरा आभार व्यक्त करते हैं। भले ही मैदान पर हमारा सफर खत्म हो रहा है, लेकिन वे हमेशा टीम की विरासत का एक अभिन्न हिस्सा रहेंगे।
'सीएसके हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी'
सीएसके से अलग होने के बाद फ्लेंमिंग ने कहा, खेल की दुनिया में 18 साल का समय एक जीवनकाल की तरह होता है और मैं केवल आभार के साथ यहां से विदा ले रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे बड़ा सफर रहा है। हमने मिलकर जो कुछ भी हासिल किया है, मुझे उस पर गर्व है। हमने साथ मिलकर अविस्मरणीय जीत का जश्न मनाया, मुश्किल दौर का सामना किया और ऐसी यादें बनाईं जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। सीएसके हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी और मैं आने वाले वर्षों में भी टीम का हौसला बढ़ाता रहूंगा।
तीन सीजन से नहीं कर सकी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई
सीएसके की टीम आखिरी बार 2023 में आईपीएल की चैंपियन बनी थी, लेकिन इसके बाद से टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। सीएसके की टीम लगातार तीन सीजन तक प्लेऑफ के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर सकी। 2024, 2025 और 2026 में टीम का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया था। 2024 में सीएसके पांचवें स्थान पर रही, जबकि 2025 में सबसे नीचे 10वें स्थान पर रही थी। वहीं, 2026 सीजन में टीम ने आठवें स्थान पर रहकर अपने अभियान का अंत किया था। पिछले कुछ समय से टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिसके बाद फ्लेमिंग की कोचिंग पर लगातार सवाल खड़े हो रहे थे। फ्लेमिंग का सीएसके से अलग होना यह संकेत देता है कि अगले सीजन से पहले टीम में व्यापक रूप से बदलाव होगा।