हरियाणा के ऑफ स्पिनर अजीत चंदीला पर 2013 आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में बीसीसीआई ने आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है। जबकि मुंबई के बल्लेबाज हिकेन शाह पर पांच साल का प्रतिबंध लगाया गया है।
बीसीसीआई की अनुशासन समिति ने सोमवार को यहां हुई बैठक के बाद यह प्रतिबंध लगाया। बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर की अध्यक्षता वाली समिति में ज्योतिरादित्य सिंधिया और निरंजन शाह शामिल हैं।
बत्तीस वर्षीय चंदीला राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते समय स्पॉट फिक्सिंग के दोषी पाए गए थे। उन पर रिश्वत लेने, फिक्सिंग, जानबूझकर खराब खेलने और साथी खिलाड़ी से सट्टेबाजी के लिए संपर्क करने का आरोप है।
चंदीला को बीसीसीआई की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि अजीत चंदीला को बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधक आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।
चंदीला बोर्ड या उसकी सदस्य इकाईयों द्वारा आयोजित किसी तरह की क्रिकेट गतिविधि में आजीवन हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
दूसरी ओर हिकेन शाह पर घरेलू क्रिकेट में मुंबई के साथी खिलाड़ी को भ्रष्टाचार की पेशकश करने का आरोप है।
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर के अनुसार भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के उल्लंघन पर शाह पांच साल तक क्रिकेट के किसी भी प्रारूप या बोर्ड की गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
पाक अंपायर असद रउफ पर फैसला 12 फरवरी तक टला
बीसीसीआई की अनुशासन समिति ने अजीत चंदीला के सह-आरोपी पाकिस्तानी अंपायर असद रउफ पर फैसला 12 फरवरी तक टाल दिया है। उन्हें जवाब देने के लिए नौ फरवरी तक का समय दिया गया है।
असद रउफ मामले में भी सोमवार को सुनवाई होनी थी लेकिन वह खुद उपस्थित नहीं थे। उन्होंने अपने जवाब में कहा है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं की गई और दूसरे जांच अधिकारी को नियुक्त कर जांच की जानी चाहिए। अनुशासन समिति ने यह अनुरोध खारिज कर दिया।