क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने कहा कि तकनीक क्रिकेटरों की तैयारी में मददगार होनी चाहिए, लेकिन मैदान पर उसे खिलाड़ियों के फैसलों पर हावी नहीं होने देना चाहिए। तेंदुलकर ने कहा कि खिलाड़ियों को अपने स्वाभाविक खेल और सहज निर्णय लेने की क्षमता पर भरोसा करना चाहिए। आईएसपीएल की कोर समिति के सदस्य तेंदुलकर ने इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) के चौथे सत्र के लिए खिलाड़ियों की नीलामी से इतर बातचीत में जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया।
सचिन ने कहा कि यह लीग देशभर की उभरती प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने में अहम भूमिका निभा रही है। तेंदुलकर ने कहा, तकनीक मददगार होनी चाहिए, ध्यान भटकाने वाली नहीं। इसका इस्तेमाल अभ्यास के दौरान करें, लेकिन जब आप मुकाबले के लिए मैदान पर उतरें तो अपनी स्वाभाविक क्षमता पर भरोसा करें और अपने अवचेतन मन को काम करने दें। क्रिकेट में जब गेंदबाज गेंद डालने के लिए दौड़ता हुआ आता है, तो बल्लेबाज के पास जानकारी को समझने और उस पर प्रतिक्रिया देने के लिए बहुत कम समय होता है। आप अपनी खेल योजनाएं पहले से तैयार कर सकते हैं, लेकिन जब मैदान पर उतरें तो दिमाग शांत रखना और अपनी सहज प्रतिक्रिया पर भरोसा करना जरूरी है। तकनीक एक सीमा तक आपकी मदद कर सकती है, लेकिन आखिरकार आपको खुद पर भरोसा करना होगा। तभी आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं।
चीजों को सरल रखने कहा
तेंदुलकर ने कहा, सबसे अहम सीख यह है कि चीजों को सरल रखें और कभी नहीं भूलें कि आपने पहली बार क्रिकेट का बल्ला या गेंद क्यों उठाई थी। जैसे-जैसे आप आगे बढ़ते हैं, आपकी महत्वाकांक्षाएं, उम्मीदें और जिम्मेदारियां बढ़ती जाती हैं। इसी दौरान कई बार दबाव खेल का आनंद छीन लेता है। मुझे इस बात का अहसास चोट के कारण क्रिकेट से दूर रहने के दौरान हुआ था। उस समय मैं इंग्लैंड के छोटे मैदानों पर अभ्यास मैच खेल रहा था। मुझे महसूस हुआ कि ट्रेनिंग, अनुशासन और जिम्मेदारियों के बीच मैं लगभग यह भूल गया था कि खेल का आनंद कैसे लेना है। यहां मौजूद सभी खिलाड़ियों को मेरी सलाह है कि चीजों को सरल रखें, मैदान पर अपनी प्रतिभा और खेल को खुलकर जाहिर करें और अपने अंदर के उस बच्चे को कभी न खोने दें, जिसे पहली बार क्रिकेट से प्यार हुआ था।