भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और टीम इंडिया के मैनेजर रह चुके चेतन चौहान का रविवार को निधन हो गया। कोरोना संक्रमण और दिल का दौरा पड़ने की वजह से उन्होंने 73 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कहा। उनके निधन की खबर के बाद खेल जगत में शोक की लहर है। उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), कप्तान विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर समेत कई स्टार क्रिकेटरों ने याद किया और उनके निधन पर शोक जताया और श्रद्धांजलि दी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चेतन चौहान के निधन पर दुख व्यक्त किया और अपनी संवेदनाएं प्रकट की। बीसीसीआई की तरफ से अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिव जय शाह और कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल ने भी श्रद्धांजलि दी।
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा, 'चेतन चौहान के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरी पीड़ा हुई है। जब वह भारतीय क्रिकेट टीम के प्रबंधक थे तब मैंने उनके साथ बहुत समय बिताया है, वह सिर्फ एक मजबूत सलामी बल्लेबाज नहीं थे, बल्कि लोगों से लगाव रखने वाले शानदार व्यक्तित्व वाले व्यक्ति भी थे।
टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान विराट कोहली ने लिखा, 'चेतन चौहान के निधन की खबर सुनकर बहुत हैरान हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे, उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थना और संवेदनायें।'
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट किया, ‘चेतन भाई के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। वह मुझे हमेशा प्रेरणादायी बातें कहते थे, उन्होंने भारतीय टीम के साथ अपने क्रिकेट दिनों की कई कहानियां मुझे सुनाई थीं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’
पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने क्रिकेट और राजनीति दोनों में उनके योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘चेतन चौहान सर के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। भारतीय क्रिकेट और राजनीति में उन्होंने अपार योगदान दिया। मेरी प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ।’
पूर्व भारतीय कप्तान और महान स्पिनर अनिल कुंबले ने चौहान के साथ उनकी बातें याद कीं। उन्होंने कहा, ‘चेतन चौहान के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। 2007-08 के आस्ट्रेलिया दौरे पर हमारी बातचीत अच्छी तरह याद है। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदनाएं।’
दिल्ली के वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने चौहान को श्रृद्धांजलि दी। सहवाग ने लिखा, ‘चेतन चौहान के परिवार और शुभचिंतकों को मेरी संवेदनाएं। ओम् शांति।’
गंभीर ने ट्वीट किया, ‘चेतन चौहान के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। क्रिकेट और प्रशासन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रियजनों को भगवान शक्ति दे।’