बीसीसीआई ने श्रीसंत पर आईपीएल-2013 में स्पॉट फिक्सिंग का दोषी पाए जाने पर अजीवन प्रतिबंध लगाया था। इसके खिलाफ श्रीसंत ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। इससे पहले बीसीसीआई ने कोर्ट में कहा था कि श्रीसंत पर भ्रष्टाचार, सट्टेबाजी और खेल को बेइज्जत करने के आरोप हैं।
जुलाई 2015 में श्रीसंत, अंकित चव्हाण और अजीत चंदीला सहित स्पॉट फिक्सिंग मामले में सभी 36 आरोपरियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने आपराधिक मामले से बरी कर दिया था।
श्रीसंत ने 2005 में श्रीलंका के खिलाफ नागपुर में वनडे मैच के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया। श्रीसंत ने 27 टेस्ट में 37.59 की औसत से 87 विकेट, जबकि वनडे में 53 मैचों में 33.44 की औसत से 75 विकेट चटकाए।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद श्रीसंत ने कहा था, 'मैं लिएंडर पेस को आदर्श मानता हूं। जब वो 45 साल की उम्र में ग्रैंड स्लैम खेल सकते हैं, नेहरा 38 साल की उम्र में वर्ल्ड कप खेल सकते हैं तो मैं क्यों नहीं..? मैं तो केवल 36 साल का हूं. मेरी ट्रेनिंग जारी है।'