भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए खेलने वाली पूनम राउत की मां को एक साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुई हैं। उन्हें कथित तौर पर एक लाख रुपये का चूना लगा है। पति का दोस्त बताकर उनके साथ धोखाधड़ी हुई। मुंबई पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता गीता गणेश राउत को शनिवार दोपहर एक व्यक्ति का फोन आया जिसने खुद को उनके पति का दोस्त अमित कुमार बताया।
एक पुलिस अधिकारी ने एफआईआर के हवाले से बताया कि उसने गीता गणेश राउत से कहा कि वह उनके पति गणेश राउत से उधार लिए गए 15,000 रुपये वापस करना चाहता है। फोन करने वाले ने उन्हें यह भी बताया कि उसने उनके पति से बात की है। पति ने ही उनका मोबाइल नंबर दिया। उनके नंबर से यूपीआई के जरिए पैसे ट्रांसफर हो सकते हैं।
कॉलर ने किश्तों में मांगे पैसे
अधिकारी ने कहा, "कॉलर से बात करने के बाद गीता राउत को उनके खाते में 10,000 रुपये और 50,000 रुपये जमा होने के संदेश मिले। फोन करने वाले ने उन्हें फिर से फोन किया और कहा कि उन्होंने गलती से 50,000 रुपये जमा कर दिए हैं और उनसे पैसे वापस करने का अनुरोध किया।" गीता ने पेमेंट प्लेटफॉर्म पर 50,000 रुपये वापस ट्रांसफर करने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हो सका। एफआईआर के अनुसार, अमित कुमार का एक और फोन आया। उसने 5,000 रुपये से 10,000 रुपये की किश्तों में अलग-अलग यूपीआई आईडी में पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा।
पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज
जब गीता उस शख्स से फोन पर बात करते हुए पैसे लौटाने की कोशिश कर रही थी, तभी उन्हें एहसास हुआ कि उनके खाते से एक लाख रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। उन्होंने माहिम पुलिस स्टेशन में पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिनके मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल उनके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने के लिए किया गया था। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच चल रही है।