क्राइस्टचर्च के एक बार में पिटाई के बाद न्यूजीलैंड के क्रिकेटर जेसी राइडर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि राइडर को आईसीयू में रखा गया है। उनके दिमाग में गहरी चोट लगी है। राइडर कोमा में चले गए हैं। उनके फेफड़े में छेद हो गया है। इंटरनल ब्लीडिंग की वजह से उनकी हालत बेहद गंभीर है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक बार के बाहर राइडर पर चार लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इन लोगों ने राइडर की पिटाई की। उन दोनों के बीच मारपीट के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मामले की जांच जारी
न्यूजीलैंड पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है।
उल्लेखनीय है कि जेसी राइडर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल-6) के लिए भारत आने वाले थे। इस साल उनका दिल्ली डेयरडेविल्स से करार है। राइडर रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और पुणे वारियर्स की ओर से खेल चुके हैं।
टेस्ट में 201 रन सर्वाधिक स्कोर
29 वर्षीय राइडर ने 18 टेस्ट मैचों में तीन शतकों की मदद से 1269 रन बनाए हैं। टेस्ट मैच में उनका सर्वाधिक स्कोर 201 रन है।
39 वनडे मैचों में जेसी ने दो शतकों के सहारे 1100 रन बनाए हैं। वनडे मैच में उनका सर्वाधिक स्कोर 107 रन है।
राइडर ने अब तक 20 टी-20 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 22.88 की औसत से 412 रन बनाए। 62 उनका उच्चतम स्कोर है।