भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से उस बल्ले का फोटो साझा किया है, जिसकी बदोलत उन्होंने साल 1984-85 में इंग्लैंड के खिलाफ एक सीजन में 800 रन बनाए थे। मौजूदा समय में मोहम्मद अजहरुद्दीन हैदराबाद क्रिकेट असोसिएशन के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं।
अजहर ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से फोटो को शेयर करते हुए लिखा कि इस बैट से मैंने इंग्लैंड के खिलाफ 84-85 मे अपने शुरुआती तीन टेस्ट मैचों में लगातार तीन शतक लगाए थे। उस सीजन मैंने इस बैट से 800 से ज्यादा रन बनाए थे। इस बैट को मेरे दादा ने चुना था।
बता दें कि मोहम्मद अजहर ने अपने बल्ले की कोलाज फोटो शेयर की, जिसमें एक फोटो में उनका बल्ला, दूसरी में वो खुद से पकड़े हुए बैठे और तीसरे फोटो में अजहर नाम की उनकी जर्सी दिखाई दे रही है। करियर की शुरुआत के तीन टेस्ट में लगातार तीन सेंचूरी मारने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं।
अजहर ने पहली पारी में 322 गेंदों पर 110 रन बनाए थे। यह टेस्ट ड्रॉ हो गया था। इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच चेन्नई में खेला गया था। इस वाले मैच में अजहर ने 105 रन बनाए थे। इस टेस्ट को इंग्लैंड ने नौ विकेट से अपने नाम किया था। तीसरा टेस्ट मैच कानपुर में खेला गया था, जिसमें अजहर ने 122 रन बनाकर रेकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कर लिया था।
बता दें कि अजहर ने 99 टेस्ट मैचों में 45.03 फीसदी की औसत से कुल 6215 रन बनाए, इसमें 22 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा अजहर ने 334 वनडे मैच खेले, जिसमें सात शतक और 58 अर्धशतकों के साथ 9378 रन बनाए।