क्रिकेट आयरलैंड के अध्यक्ष ब्रायन ओडोनेल का मानना है कि भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में मिली जीत के बाद उनकी राष्ट्रीय टीम की एक विरोधी टीम के रूप में वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता बढ़ेगी और चुनौतीपूर्ण मुकाबले मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। आयरलैंड ने बेलफास्ट में खेली गई सीरीज में विश्व चैंपियन भारत को 2-0 से हराया था। यह पहली बार था जब द्विपक्षीय सीरीज में भारत को आयरलैंड से हार मिली।
ओडोनेल बोले- जीत का असर बहुत होगा
ओडोनेल ने कहा, यह हमारे खिलाड़ियों के लिए मनोबल बढ़ाने वाली जीत है और खेल के अन्य क्षेत्रों में अब वे अधिक उपलब्ध होंगे। इस जीत का बहुत असर होगा क्योंकि इससे आयरिश क्रिकेट की संभावनाओं का आकलन होगा। इसके बाद अब विरोधी टीम के रूप में हमारी स्वीकार्यता बढ़ेगी। यह उस निवेश का नतीजा है जो क्रिकेट आयरलैंड आईसीसी और इन सभी लोगों की मदद से इस देश में खेल के लिए कर रहा है। अभी आयरिश क्रिकेट से जुड़े बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है।
ओडोनेल ने कहा कि आगामी यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग में आयरलैंड के खिलाड़ियों की भागीदारी से भी देश में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, 'अगर विरोधी टीम एक खास स्तर की हो, तो यह फायदेमंद होता है और इससे खेल के ऊंचे स्तर पर मौजूद खिलाड़ियों के लिए कमाई के दूसरे रास्ते भी खुलते हैं।' भारत में जन्मे तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा श्रेयस अय्यर की टीम के खिलाफ आयरलैंड की सीरीज जीत के स्टार बनकर उभरे। ओ'डोनेल ने कहा कि क्रिकेट आयरलैंड उन खिलाड़ियों को मौका देगा जो रेजिडेंसी के जरिये खेलने के पात्र हैं।
टेस्ट क्रिकेट की फॉर्म चिंता विषय
सीमित ओवर के क्रिकेट में मिली सफलता के बावजूद ओ'डोनेल ने माना कि टेस्ट क्रिकेट न खेल पाने की वजह से आयरलैंड की टीम पिछड़ रही है। 2018 में आईसीसी का पूर्ण सदस्य बनने के बाद से आयरलैंड ने सिर्फ 13 टेस्ट मैच खेले हैं और उनमें से केवल तीन जीते हैं। ये तीनों जीत अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली थीं।