भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 मुकाबला कोहरे की भेंट चढ़ गया और बिना टॉस हुए इसे रद्द करना पड़ा। ठंड के मौसम में उत्तर भारत के शहर लखनऊ में डे-नाइट मैच आयोजित कराने के फैसले पर भी सवाल उठ रहे हैं। लखनऊ के अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे दर्शकों भी मुकाबला रद्द होने से काफी निराश हैं। इन दर्शकों ने अब टिकट के पैसे वापस करने की मांग की है।
मैच में नहीं हो सका टॉस
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला चौथा टी20 मैच बुधवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बिना टॉस के ही रद्द कर दिया गया। घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद खराब रही, जिससे खेल कराना संभव नहीं हो सका। मैच के रद्द होने के बाद एक बार फिर बीसीसीआई की टूर और फिक्सचर कमेटी सवालों के घेरे में आ गई है। खास तौर पर सर्दियों के मौसम में उत्तर और पूर्वी भारत में डे-नाइट मुकाबले कराने के फैसले पर आलोचना तेज हो गई है। लखनऊ में इस समय साल के दौरान दिन-रात्रि मैच तय करना पहले से अनुमानित कोहरे की समस्या के कारण विवादों में आ गया है।
थरूर ने बीसीसीआई से तिरुवनंतपुरम में मैच कराने कहा
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी बीसीसीआई को घेरा है। थरूर ने एक्स पर लिखा, क्रिकेट प्रशंसक लखनऊ में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 मैच के शुरू होने का व्यर्थ ही इंतजार कर रहे थे। उत्तर भारत के अधिकांश शहरों में व्याप्त घने कोहरे और 411 AQI होने के कारण दृश्यता इतनी खराब है कि क्रिकेट मैच संभव नहीं है। उन्हें यह मैच तिरुवनंतपुरम में आयोजित करना चाहिए था जहां AQI लगभग 68 है।
मैच नहीं होने से निराश हुए दर्शक
मैच नहीं हो पाने से दर्शकों को काफी निराशा हुई जो करीब तीन घंटे तक इसी इंतजार में रहे कि शायद कुछ ही ओवर का मुकाबला देखने मिल जाए। लेकिन इन दर्शकों के हाथ निराशा लगी क्योंकि लगातार निरीक्षण के बावजूद मैच नहीं हो सका। एक प्रशंसक ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि उसने मैच देखने के लिए गेहूं की तीन बोरियां बेची थीं और अब वह अपने पैसे वापस चाहता है। प्रशंसक ने कहा, मैं तीन बोरी गेहूं बेचकर यहां मैच देखने आया था। मुझे अपने पैसे वापस चाहिए।
क्या है बीसीसीआई की रिफंड नीति?
एक अन्य प्रशंसक ने कहा, 'अगर मैच दिन में पहले ही निर्धारित होता तो बेहतर होता। टिकट और रिफंड का कोई मतलब नहीं है। हम मैच देखना चाहते थे, अपनी भारतीय क्रिकेट टीम को देखना चाहते थे। मेरा दिल टूट गया है।' गौरतलब है कि बीसीसीआई की रिफंड नीति के तहत यदि कोई मैच एक भी गेंद फेंके जाने से पहले रद्द या समाप्त हो जाता है, तो दर्शकों को रिफंड दिया जाता है।