क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने पूर्व तेज गेंदबाज डेनिस लिली को सलाहकार नियुक्त किया है। लिली देश के युवा तेज गेंदबाजों और राष्ट्रीय टीम को कोचिंग और मार्गदर्शन देंगे। सीए के मुताबिक लिली टीम को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मार्गदर्शन करेंगे लेकिन राष्ट्रीय टीम के साथ विदेशी दौरों पर नहीं जाएंगे। वह पूर्णकालिक गेंदबाजी कोच अली डी विंटर के साथ मिलकर काम करेंगे। लिली के नाम ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए 70 टेस्ट मैचों में 355 विकेट हैं।
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को अगले महीने भारत दौरे पर जाना है और उसके बाद जुलाई में एशेज सीरीज शुरू होगी। लिली ने शेन वॉर्न की आलोचना पर सीए का बचाव किया था और उन्हें इसी का ईनाम दिया गया है।
वॉर्न ने सीए की आलोचना करते हुए उसे 'मूर्ख मंडली' करार दिया था और रोटेशन पॉलिसी पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि सीए में ऐसे लोग बैठे हैं जिन्हें क्रिकेट का ककहरा भी नहीं आता है। वॉर्न का इशारा सीए के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी पैट हॉवर्ड की तरफ था।
सीए के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा कि लिली रोटेशन पॉलिसी से पूरी तरह सहमत हैं, क्योंकि खिलाड़ियों पर बोझ कम करने के लिए यह सही रणनीति है।