टीम इंडिया के नए कोच के लिए बीसीसीआई की क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी(सीएसी) 10 जुलाई को इंटरव्यू का आयोजन कर रही है। इस इंटरव्यू में पास होने वाले व्यक्ति को ही टीम इंडिया की कमान मिलेगी। सीएसी में सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण हैं, इन्हीं तीनों पर टीम इंडिया का अगल कोच तय करने की जिम्मेदारी है। दरअसल, कुछ समय पहले ही टीम इंडिया के कोच रहे अनिल कुंबले ने अपना पद छोड़ा है, और बिना कोच के ही टीम इंडिया वेस्टइंडीज का दौरा कर रही है। ऐसे में बीसीसीआई की कोशिश है कि टीम इंडिया को उसका अगल कोच जल्द ही मिल जाए।
शास्त्री को कोच पद के आवेदन के लिए सचिन तेंदुलकर ने मनाया
टीम इंडिया के चीफ कोच के लिए बीसीसीआई ने अप्लाई करने की तारीखें 9 जुलाई तक कर दी है। इस बार टीम इंडिया के कोच के पोस्ट के लिए लालचंद राजपूत, डोडा गणेश, रिचर्ड पायबस, टॉम मूडी, विरेंद्र सहवाग, रवि शास्त्री और वेंकटेश प्रसाद ने अप्लाई किया है। सीएसी अब 10 जुलाई को इंटरव्यू के माध्यम से ही टीम इंडिया के कोच का चुनाव करेगी।
बीसीसीआई ने 25 मई को टीम इंडिया के कोच पोस्ट के लिए वैकेंसी निकाली थी, जिसमें रवि शास्त्री और वेंकटेश प्रसाद ने अप्लाई नहीं किया था। पर बीसीसीआई द्वारा अप्लाई करने की तारीखें बढ़ाने के बाद इन दोनों ने भी चीफ कोच पोस्ट के लिए अप्लाई किया है।
क्या इस बार सीएसी में सचिन तेंदुलकर की चलेगी?
रवि शास्त्री कुंबले से पहले दो सालों तक डायरेक्टर के तौर पर टीम इंडिया से जुड़े रहे हैं। रवि शास्त्री और टीम इंडिया के मौजूदा कैप्टन विराट कोहली के बीच आपस में खूब पटती है। ऐसे में माना जा रहा है कि रवि शास्त्री टीम इंडिया के अगले कोच के तौर पर फिट हैं। हालांकि आखिरी फैसला सीएसी को ही लेना है।