इंग्लैंड और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ी यहां कोरोना वायरस परीक्षण में निगेटिव रहे। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को बताया कि रविवार को इंग्लैंड पहुंचे पाकिस्तान के 20 खिलाड़ी और सहयोगी दल के 11 सदस्य कोविड-19 की जांच में निगेटिव पाए गये। पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ अगस्त और सितंबर में तीन टेस्ट और तीन टी-20 मैच खेलने है। टीम वारेस्टरशर में है, जहां वह 14 दिनों तक पृथकवास में रहेगी। इंग्लैंड के भी सभी खिलाड़ी और प्रबंधन से जुड़े अधिकारी तीसरे दौर की जांच में भी निगेटिव पाए गए। टीम साउथम्पटन में अगले सप्ताह वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरु होने वाली टेस्ट श्रृंखला की तैयारी कर रही है।
मोहम्मद हफीज समेत छह खिलाड़ी इंग्लैंड जाएंगे
इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भी मंगलवार को बताया कि छह क्रिकेटरों के कोरोना वायरस जांच के दूसरे नतीजे निगेटिव आये हैं और वे टीम के साथ इंग्लैंड में जुड़ सकते हैं। इनमें सलामी बल्लेबाज फखर जमां, हरफनमौला मोहम्मद हफीज, लेग स्पिनर शादाब खान, विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान, तेज गेंदबाज वहाब रियाज और मोहम्मद हसनैन शामिल हैं।
ये खिलाड़ी अब भी संक्रमित
कासिफ भट्टी, हारिस राऊफ, हैदर अली और इमरान खान का टेस्ट इस हफ्ते दूसरी बार पॉजीटिव आया है। पाकिस्तानी खिलाड़ियों का पहला दल रविवार को ब्रिटेन पहुंच गया है। खिलाड़ी 14 दिन के आइसोलेशन पीरियड में हैं। पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में रूट का खेलना तय नहीं, स्टोक्स करेंगे कप्तानी
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट अगले सप्ताह वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरु होने वाले पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे। रूट की पत्नी कैरी इस सप्ताह मां बनने वाली वाली है और वह अपने दूसरे बच्चे के जन्म के समय अस्पताल में रहना चाहते हैं। रूट बुधवार को टीम का शिविर छोड़ देंगे, उनकी गैरमौजूदगी में बेन स्टोक्स पहली बार इंग्लैंड की कप्तानी करेंगें जबकि जोस बटलर उप-कप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। अस्पताल से लौटने के बाद रूट सात दिनों तक खुद को पृथकवास में रखेंगे और 13 जुलाई से मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले टीम से जुड़ेगे।