राजधानी रायपुर से 25 किमी दूर नए रायपुर में स्थित इस स्टेडियम में पूरा शहर रोजाना मैच देखने उमड़ रहा है। इंडिया लीजेंड्स के मुकाबलों में तो 40 हजार के आसपास दर्शक पहुंच रहे हैं। 52 हजार की क्षमता वाले इस स्टेडियम में हालात बेकाबू हो रहे हैं। 50 प्रतिशत क्षमता के नियम से अधिकतम 27 हजार दर्शक ही इसमें बैठ सकते थे, लेकिन तस्वीरें कुछ और ही बयां कर रहीं हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शायद ही कोई सीट खाली थी। स्टेडियम में आने वालों की न तो स्क्रीनिंग हो रही है और न ही मास्क पर कार्रवाई। अब प्रशासन सख्ती के मूड में है। स्टेडियम के भीतर वलंटियर्स दर्शकों की निगरानी करेंगे। बिना मास्क पर कार्रवाई होगी। स्टेडियम के बाहर भीड़ रोकने टिकट काउंटर और दो पार्किंग भी बढ़ाने की सूचना है।
बांग्लादेश लीजैंड्स को दस विकेट से हराकर जोंटी रोड्स की अगुवाई वाली इस टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सलामी बल्लेबाज एंड्रयू पुटिक ने 54 गेंद में नौ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 84 रन बनाए। वहीं मोर्नी वान विक 62 गेंद में नौ चौकों की मदद से 69 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका ने सोमवार की रात जीत के लिए 161 रन का लक्ष्य चार गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। इस जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका के 16 अंक हो गए और वह भारत (20 अंक) तथा श्रीलंका (20 अंक) से पीछे है।