रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के कप्तान विराट कोहली द्वारा मुंबई इंडियंस के खिलाफ शनिवार को मुंबई में खेले गए मैच के दौरान दर्शकों के व्यवहार की आलोचना का कैरेबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल ने भी समर्थन किया है।
गेल ने कहा, ‘अपनी टीम का समर्थन करना अच्छी बात है लेकिन शनिवार को वानखेडे़ में मौजूद दर्शक शालीनता की सारी हदों को पार कर गए। दर्शकों का इस तरह का व्यवहार गैरजरूरी था।’
इस मैच के दौरान एक विवादास्पद रन आउट को लेकर दर्शकों ने विराट को बार-बार चीटर कहकर बुलाया था।
मुंबई इंडियंस के हाथों आईपीएल के इस मैच में रायल चैलेंजर्स को 58 रन से करारी शिकस्त मिली थी। दर्शकों के व्यवहार से बेहद नाराज कोहली ने कहा था कि मुझे समझ में नहीं आ रहा कि वानखेडे मे मौजूद दर्शक इस ऐसा व्यवहार कैसे कर सकते हैं अंततः तो हम भारत की ही एक टीम में खेल रहे थे।
उन्होंने कहा कि आप स्टेडियम में नफरत फैलाने के लिए नहीं आते हैं। खेल मे एक की हार और दूसरे की जीत तो होती ही है। आप बंगलूरू आइए जो भी टीम अच्छा खेल दिखाती है स्टेडियम में मौजूद दर्शक उसकी हौसला अफजाई करते हैं।
रायल चैलेंजर्स के कप्तान ने कहा कि लोग अच्छी क्रिकेट को सराहते हैं। इस खेल के मैदान पर दर्शक ऐसा व्यवहार कैसे कर सकते हैं। मुझे समझ में नहीं आ रहा कि वह केवल एक मैच था और इस दौरान दर्शक इतना उत्तेजित क्यों थे। वह इस तरह का व्यवहार क्यों दिखा रहे थे कि वे विपक्षी टीम को बर्दाश्त ही नहीं कर पा रहे थे।