चेतेश्वर पुजारा ने इस सत्र में ससेक्स की कप्तानी संभालने के बाद पहले ही मैच में डरहम के खिलाफ काउंटी डिवीजन-2 के मैच में शतक लगा दिया। पुजारा ने दूसरे दिन 163 गेंद में 115 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 13 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने ओलिवर कार्टर (41) के साथ पांचवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी भी निभाई।
ससेक्स ने इससे पहले डरहम को 376 रन पर आउट किया, लेकिन उसके 91 रन पर चार विकेट गिर गए। यहां से पुजारा ने कप्तानी की पारी खेलते हुए डरहम की बढ़त को कम किया। उन्हें बेन रेन ने पगबाधा आउट किया। जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए पुजारा भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं।
उससे पहले वह अपनी फॉर्म को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। पुजारा ने पिछले सत्र में भी ससेक्स के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए आठ मैचों में पांच शतकों की मदद से 1094 रन बनाए थे। वह काउंटी क्रिकेट में चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। खबर लिखे जाने तक ससेक्स के नौ विकेट 330 रन पर गिर गए थे।