सुरेश रैना (54*) और अंबाती रायुडू (79) की शानदार पारी की बदौलत आईपीएल के 20वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 4 रन से मात दी। चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 183 रन की चुनौती सनराइजर्स के सामने रखी थी, जिसके जवाब में मेजबान टीम छह विकेट खोकर 178 रन ही बना सकी।
इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर मेहमान चेन्नई को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया था। मैदान पर बल्लेबाजी करने आई चेन्नई सुपरकिंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पछले मैच में शतक जड़कर टीम को जीत दिलाने वाले शेन वॉटसन (9) और फाफ डु प्लेसिस (11) बेहद सस्ते स्कोर पर सिमट गए।
चेन्नई सुपरकिंग्स के महज 32 रन पर दो विकेट गिरने के बाद सुरेश रैना और अंबाती रायुडू ने चेन्नई के स्कोर बोर्ड को आगे बढ़ाया। रायुडू ने 37 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से शानदार 79 रन की पारी खेली। रायुडू को सिद्धार्थ कौल ने रन आउट कर पवेलियन भेजा।
वहीं रैना ने 43 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान एमएस धोनी ने 12 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मद से नाबाद 25 रनों का सहयोग दिया। 20 ओवर का खेल खत्म होने के बाद चेन्नई ने हैदराबाद की टीम के सामने 183 रन की चुनौती रखी।