खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में खेलने आई दो बार की आईपीएल चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में अपने अभियान का अंत जीत के साथ किया। चेन्नई की टीम शुरुआती दो मैचों में मिली हार के बाद पहले ही सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गई थी। ऐसे में उसे यॉर्कशायर को चार विकेट से हराकर अपने ग्रुप ‘बी’ में तीसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा।
यॉर्कशायर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 140 रन बनाए जिसे चेन्नई ने एक ओवर शेष रहते छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जगह पहली बार चेन्नई की कप्तानी कर रहे सुरेश रैना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
रैना के इस फैसले को गेंदबाजों, खासकर डग बोलिंजर (2-16) और एल्वी मोर्कल (2-12) ने सही साबित करते हुए यॉर्कशायर को 140 रन पर ही रोक दिया। गैरी बैलेंस ही कुछ हिम्मत दिखा सके और 38 गेंदों पर एक चौका और पांच छक्के की मदद से 58 रन बनाए। डेविड मिलर ने 28 और आंद्रे नेल ने 23 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की शुरुआत खराब रही और डू प्लेसिस मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए। मुरली विजय भी मात्र 13 रन बनाकर चलते बने लेकिन इसके बाद रैना ने 31, बद्रीनाथ ने 47 और धोनी ने 31 रन की पारी खेल टीम को जीत दिला दी।