फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईपीएल में आज होगा हाईवोल्टेज मुकाबला, राशिद बनाम चेन्नई के बल्लेबाजों की जंग

Sun, 27 May 2018 03:22 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
csk srh
विज्ञापन

आईपीएल-11 की अंक तालिका में शीर्ष पर रही दोनों टीमें ट्रॉफी की अंतिम बाजी खेलने के लिए मैदान में आमने-सामने हैं। हाईवोल्टेज फाइनल में खिताब के लिए बेताब दोनों टीमों में रविवार को जो टीम दबाव पर काबू पाने में सफल रहेगी, सफलता उसी के साथ होगी।  तीसरे खिताब के लिए प्रयासरत धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स की भिड़ंत 2016 की विजेता सनराइजर्स हैदराबाद से होगी जिसके कप्तान केन विलियम्सन हैं।

विज्ञापन


वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस हाईवोल्टेज फाइनल में तगड़ी टक्कर होने की संभावना है। पांच दिन पहले क्वालिफायर-1 में भी दोनों टीमों की यहां टक्कर हुई थी जिसमें चेन्नई दो विकेट से जीतने में सफल रही थी। इस सीजन में चेन्नई ने अब तक तीन मैचों में हैदराबाद को मात दी है। हैदराबाद ने क्वालिफायर-2 में शुक्रवार को दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को उसके घरेलू मैदान में 14 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

इस मुकाबले को अनुभव बनाम जोश की भी संज्ञा दी जा रही है। चेन्नई की टीम में कप्तान धोनी सहित कई खिलाड़ी तीस से ऊपर के हैं वहीं हैदराबाद की टीम में अपेक्षाकृत युवा खिलाड़ी अच्छा करने में सफल रहे हैं।  चेन्नई सुपरकिंग्स जहां चार दिन के आराम के बाद उतरेगी वहीं हैदराबाद की कोशिश होगी कि उसकी जीत की लय कोलकाता से मुंबई की उड़ान की थकान कम करने में सफल रहे। सात दिन में हैदराबाद तीसरा मैच खेलने उतरेगी।

विज्ञापन

राशिद चेन्नई के लिए बड़ा खतरा 

राशिद खान
अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान ने क्वालिफायर-2 में 19 रन पर तीन विकेट लिए, दस गेंदों पर 34 रन बनाए, दो कैच और एक बल्लेबाज को रनआउट करने में मदद की। चेन्नई के खिलाफ क्वालिफायर-1 में भी उन्होंने 11 रन पर दो विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया था। उस मैच में चेन्नई के दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज फाफ डू प्लेसिस ने नाबाद 67 रन बनाए। एक समय सुपरकिंग्स ने 62 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। राशिद ने कप्तान धोनी के अलावा ब्रावो को आउट किया।

फाफ डू प्लेसिस के खिलाफ भी एलबीडब्ल्यू की अपील ंहुई थी लेकिन रिव्यू में वह नॉटआउट रहे थे। राशिद को दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी टी-20 में श्रेष्ठ स्पिनर करार दे चुके हैं। वह एक बार फिर चेन्नई की बल्लेबाजी के लिए खतरा होंगे। उन्हें तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और सिद्धार्थ कौल का भी साथ मिलेगा। चेन्नई को इसके अलावा हैदराबाद के ऑलराउंडर कार्लोस ब्रेथवेट से भी सावधान रहना होगा जिन्होंने 2016 में विंडीज को टी-20 वर्ल्ड कप जिताने में मदद की थी। चेन्नई के खिलाफ उन्होंने नाबाद 43 रन की पारी खेली और क्वालिफायर-2 में केकेआर के खिलाफ अंतिम ओवर में दो विकेट लिए। 
विज्ञापन

चेन्नई की बल्लेबाजी और हैदराबाद की गेंदबाजी में टक्कर 

csk
सनराइजर्स को कप्तान केन विलियम्सन और ओपनर शिखर धवन से वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी जैसा उन्होंने लीग दौर में किया है। उनका मध्य और निचला क्रम उतना बेहतर नहीं कर रहा है। इसी तरह सुपरकिंग्स भी कप्तान धोनी के आतिशी शॉटों के अलावा शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों शेन वाटसन, सुरेश रैना और अंबाती रायडू पर निर्भर कर रही है।

डू प्लेसी और ब्रावो के अलावा रवींद्र जडेजा, हरभजन सिंह और शार्दुल ठाकुर भी बड़े शॉट लगा सकते हैं। हरभजन सिंह आईपीएल में अपने 50 विकेट पूरे करने से महज एक विकेट दूर हैं लेकिन पहले प्लेऑफ मैच में उन्हें एक ओवर भी नहीं मिला था। यह मैच चेन्नई की बल्लेबाजी और हैदराबाद की गेंदबाजी के बीच कड़ी जंग माना जा रहा है। 

दोनों टीमें इस प्रकार हैं: 

चेन्नई सुपरकिंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा, फाफ डू प्लेसी, हरभजन सिंह, ड्वेन ब्रावो, शेन वाटसन, अंबाती रायडू, दीपक चाहर, केएम आसिफ, कनिष्क सेठ, लुंगी नगिदी, ध्रुव शौरी, मुरली विजय, सैम बिलिंग्स, मार्क वुड, क्षितिज शर्मा, मोनू कुमार, चैतन्य विश्नोई, इमरान ताहिर, कर्ण शर्मा, शार्दुल ठाकुर, एन जगदीशन, डेविड विली। 

सनराइजर्स हैदराबाद : केन विलियम्सन (कप्तान), शिखर धवन, मनीष पांडेय, भुवनेश्वर कुमार, ऋद्धिमान साहा, सिद्धार्थ कौल, दीपक हुड्डा, खलील अहमद, संदीप शर्मा, यूसुफ पठान, श्रीवत्स गोस्वामी, रिकी भुई, बासिल थंपी, टी नटराजन, सचिन बेबी, बिपुल शर्मा, मेहदी हसन, तन्मय अग्रवाल, एलेक्स हेल्स, कार्लोस ब्रेथवेट, राशिद खान, शाकिब अल हसन, मोहम्मद नबी और क्रिस जॉर्डन।   
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें